लखीसराय से अजीत सिंह एवं देव कुमार की रिपोर्ट
Lakhisarai News : लखीसराय जिले के रामगढ़ चौक प्रखंड स्थित ओरे गांव में करंट लगने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बिजली के खंभे में करंट प्रवाहित हो रहा था और उसी के संपर्क में आने से महिला अचेत होकर गिर पड़ीं. परिजन उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
घर के बाहर सफाई के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ओरे गांव निवासी हरेराम सिंह की 65 वर्षीय पत्नी सुमन देवी गुरुवार सुबह अपने घर के बाहर साफ-सफाई कर रही थीं. इसी दौरान वह बिजली के एक खंभे के संपर्क में आ गईं, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था. करंट लगते ही वह मौके पर अचेत होकर गिर पड़ीं.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में सुमन देवी को लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ चौक थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
बिजली सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद गांव में बिजली सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली के खंभे में करंट दौड़ रहा था तो समय रहते इसकी मरम्मत की जानी चाहिए थी. लोगों ने बिजली विभाग से ऐसे मामलों में नियमित जांच और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
