Lakhisari News : लखीसराय जिले के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. 17 और 18 जून को सभी प्रखंडों में आयोजित होने वाले प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में आम नागरिकों को एक ही छत के नीचे केंद्र और राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिलेगा. शिविर को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
Lakhisari News : प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की. उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारी पूरी करने और अधिक से अधिक लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी भी साझा की.
एक छत के नीचे मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सेवाएं
जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. आम लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे लाभुकों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा.
इन योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) लिंकेज, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, ग्राम परिवहन योजना तथा दिव्यांग कल्याण योजनाओं से संबंधित आवेदन, सत्यापन और लाभ वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इसके अलावा निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों को मिलेगा.
हर योजना के लिए बनेगा अलग काउंटर
डीएम शैलेंद्र कुमार ने निर्देश दिया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए जाएं और वहां संबंधित नोडल पदाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए. शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क, प्रशिक्षित कर्मी, स्वयंसेवक, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि लाभुकों को पहले से आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो.
वरीय अधिकारी करेंगे निगरानी
जिला प्रशासन ने शिविर की निगरानी के लिए सभी प्रखंडों में वरीय अधिकारियों की तैनाती का निर्णय लिया है. दोनों दिनों तक अधिकारी शिविर स्थल पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे. बैठक में ऑनलाइन प्रगति रिपोर्ट, विभागीय समन्वय और आवेदनों के संधारण को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई.B
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.