लखीसराय में बाढ़ पीड़ितों के द्वार पहुंचेगी डॉक्टरों की टीम: प्रभारी मंत्री और डीएम ने 'चलंत रोगी वाहन सेवा' को दिखाई हरी झंडी

लखीसराय जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 'चलंत रोगी वाहन सेवा' शुरू की गई है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर हैं और विशेष चिकित्सा दल बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुंचकर मरीजों की जांच करेंगे।

लखीसराय. जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रविवार से चलंत रोगी वाहन सेवा शुरू की गयी. प्रभारी मंत्री सुनील कुमार, विधायक रामानंद मंडल, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, एडीएम नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार और असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर चिकित्सा वाहनों को रवाना किया.

चार प्रखंडों में विशेष चिकित्सा दल की तैनाती

मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा दलों का गठन किया गया है. टीमों के भ्रमण के लिए मार्ग भी निर्धारित कर दिये गये हैं. मेडिकल टीम गांवों में पहुंचकर मरीजों की जांच करेगी और जरूरत के अनुसार तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायेगी.

बड़हिया के दियारा और टाल क्षेत्रों में दो शिफ्ट में सेवा

बड़हिया प्रखंड के दियारा क्षेत्र के लक्ष्मीपुर, सहजादपुर, खुटहा, चेतन टोला, लाल दियारा, कल्याणपुर और आदर्श लक्ष्मीपुर के साथ टाल क्षेत्र के घाट कुसुम्भा, ऐजनीघाट, भानपुरा, फाजिर, जनपुर और नाथनपुर में मेडिकल टीम तैनात रहेगी.

डॉ ताहिर अली और डॉ राज कुमार के नेतृत्व में तैनात टीम सुबह 7 से 10 बजे और दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सेवा देगी.

पिपरिया में डॉक्टरों और आरबीएसके टीम को जिम्मेदारी

पिपरिया प्रखंड के मोहनपुर, वलीपुर, रामचंद्रपुर और पिपरिया क्षेत्र में भी विशेष चिकित्सा टीम को जिम्मेदारी दी गयी है. सूर्यगढ़ा-मोहनपुर-ओलीपुर मार्ग से जुड़े प्रभावित क्षेत्रों में डॉ प्रतीक शिवम, डॉ शुभम कुमार, डॉ कृति अग्रवाल और आरबीएसके की टीम चिकित्सा सेवा उपलब्ध करायेगी.

टीम को बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर मरीजों की स्थिति का जायजा लेने और जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

सूर्यगढ़ा में आपातकालीन चिकित्सा दल रहेगा तैनात

सूर्यगढ़ा प्रखंड के हुसैना और एनएच-80 क्षेत्र में डॉ मृत्युंजय सिंह के नेतृत्व में आपातकालीन चिकित्सा सहायक और एंबुलेंस दल की तैनाती की गयी है.प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सुरेश कुणाल के साथ डॉ समरीन अजाज, डॉ किशोर कुमार, डॉ विजयलक्ष्मी, डॉ प्रिया कुमारी और डॉ अनीता कुमारी की टीम भी मोर्चा संभालेगी.

फोटो- हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना करते प्रभारी मंत्री सुनील कुमार | Prabhat Khabar Network

गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का निर्देश

स्वास्थ्य विभाग ने सभी मेडिकल टीमों को निर्धारित मार्ग सूची के अनुसार प्रतिदिन गांवों का भ्रमण करने का निर्देश दिया है. टीमों को गंभीर मरीजों की पहचान कर उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराने को कहा गया है. बाढ़ के दौरान किसी भी तरह की चिकित्सा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है.

दवाओं और उपकरणों का स्टॉक रखने का निर्देश

सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को दवाओं और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों का शत-प्रतिशत स्टॉक उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं की नियमित निगरानी करने की भी व्यवस्था की गयी है.

आपात स्थिति में मेडिकल टीम या पीएचसी से संपर्क की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों से किसी भी चिकित्सीय आपात स्थिति में तत्काल निकटतम मेडिकल टीम या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है. चलंत रोगी वाहन सेवा शुरू होने से दूर-दराज के बाढ़ प्रभावित गांवों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजेश कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >