बड़हिया (लखीसराय). बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. पटना से लखीसराय आने के क्रम में उन्होंने बड़हिया, खुटहा समेत कई इलाकों में पहुंचकर बढ़ते जलस्तर और उससे उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल राहत एवं जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
खुटहा में बढ़ते जलस्तर से जनजीवन प्रभावित
खुटहा क्षेत्र में अचानक जलस्तर बढ़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री को जलजमाव, आवागमन बाधित होने समेत अन्य परेशानियों से अवगत कराया. ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी.
ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिया निर्देश
मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं पहुंचायी जाएं. उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाये और प्रभावित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए.
जरूरतमंदों के अनुसार त्वरित कार्रवाई पर जोर
कृषि मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और प्रभावित परिवारों तक प्रशासनिक सहायता पहुंचाने पर जोर दिया.
भाजपा नेता और बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, वरीय कार्यकर्ता राम शोभा सिंह, राजीव कुमार सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति और लोगों की परेशानियों से मंत्री को अवगत कराया.
