सूर्यगढ़ा. प्रखंड के अलीनगर पंचायत में अलीनगर गांव के रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी स्व. कृष्णानंद सिंह की विधवा शांति देवी का बुधवार की तड़के 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर देखी गयी. काफी संख्या में स्थानीय बुद्धिजीवियों एवं जनप्रतिनिधि द्वारा पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर शोक जताया गया. प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप की अनुपस्थिति में उनके निर्देशानुसार पंचायत सचिव मिथिलेश कुमार अलीनगर गांव पहुंचे और प्रशासन की ओर से मरहूम स्वतंत्रता सेनानी की विधवा के पार्थिव शरीर पर तिरंगा देकर उनका सम्मान किया गया. मौके पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार यादव, सरपंच प्रतिनिधि अंगद कुमार सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे. मृतका के पुत्र उत्क्रमित मध्य विद्यालय रतनुपुर के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सिमरिया घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा. शिक्षक रह चुके स्वतंत्रता सेनानी स्व. कृष्णानंद सिंह का 19 दिसंबर 1986 को निधन हुआ था. मृतका अपने पीछे चार पुत्रों का भरा पुरा परिवार छोड़ गयी.
स्वतंत्रता सेनानी की विधवा का निधन, तिरंगा देकर किया गया सम्मान
प्रशासन की ओर से मरहूम स्वतंत्रता सेनानी की विधवा के पार्थिव शरीर पर तिरंगा देकर उनका सम्मान किया गया.
