School Closed for 15 Days : उत्क्रमित मध्य विद्यालय, घोघी-कोड़ासी में पिछले 15 दिनों से स्कूल बंद है. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक भरत कुमार ने बताया कि कजरा सोलर पावर प्लांट प्रबंधन द्वारा विद्यालय तक जाने वाले मुख्य मार्ग को बंद कर दिया गया है. रास्ता अवरुद्ध होने के कारण शिक्षक स्कूल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और नियमित पठन-पाठन पूरी तरह बाधित हो गया है.
डीईओ को भेजा गया आवेदन, समाधान की मांग
विद्यालय प्रबंधन ने इस गंभीर समस्या की जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को लिखित आवेदन देकर दी है. आवेदन में जल्द से जल्द वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने और विद्यालय में पढ़ाई बहाल कराने की मांग की गई है. स्कूल प्रशासन का कहना है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो बच्चों की पढ़ाई पर इसका दीर्घकालिक असर पड़ेगा.
दूसरे स्कूल में शिफ्ट करने के प्रस्ताव से नाराज अभिभावक
शिक्षा विभाग बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्हें निकटवर्ती विद्यालय में स्थानांतरित करने के विकल्प पर विचार कर रहा है. हालांकि इस संबंध में अभी कोई अंतिम आदेश जारी नहीं हुआ है. इस प्रस्ताव का अभिभावक विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि छोटे बच्चों को प्रतिदिन कई किलोमीटर दूर दूसरे विद्यालय भेजना व्यावहारिक नहीं है. इससे बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई दोनों प्रभावित होंगी.
ग्रामीण बोले- बच्चों के भविष्य से नहीं हो खिलवाड़
ग्रामीणों ने कहा कि एक ओर सरकार शिक्षा की गुणवत्ता और शत-प्रतिशत नामांकन की बात करती है, वहीं दूसरी ओर केवल रास्ते के विवाद के कारण विद्यालय बंद पड़ा है. उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता बताया. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से तत्काल वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने तथा विद्यालय में जल्द पठन-पाठन शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो सैकड़ों बच्चों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो सकता है.
