लखीसराय : विद्युत आपूर्ति प्रशाखा चानन की ओर से बिजली चोरी के खिलाफ चलाये गये विशेष छापेमारी अभियान में तीन मामले पकड़े गये. कनीय विद्युत अभियंता रवि कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने बन्नूबगीचा और किऊल थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए स्मार्ट मीटर बाईपास और टोका फंसाकर बिजली चोरी का खुलासा किया. मामले में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
स्मार्ट मीटर बाईपास कर चला रहे थे मोटर
छापेमारी के दौरान जानकीडीह पंचायत के धनवह गांव में हर घर नल-जल योजना से जुड़े मां वैष्णवी परिसर की जांच की गयी. जांच में स्मार्ट मीटर संख्या एफ1566731 को पूरी तरह बाईपास कर तीन अश्वशक्ति का पनडुब्बी मोटर चलाते पाया गया.
विभाग ने पटना निवासी संवेदक रविशंकर कुमार पर 69,093 रुपये जुर्माना और 75,697 रुपये बकाया समेत कुल 1,44,790 रुपये की राशि निर्धारित की है.
इसी क्रम में किऊल थाना क्षेत्र के बसमतिया गांव में नंद किशोर कुमार को घरेलू स्मार्ट मीटर संख्या एफ1633658 को बाईपास कर गैर-घरेलू उपयोग करते पकड़ा गया. उन पर 45,536 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
वहीं, बसमतिया गांव की सुशीला देवी के परिसर में मीटर संख्या एसएस14943099 को बाईपास कर निम्नदाब लाइन में टोका फंसाकर बिजली चोरी का मामला पकड़ा गया. उन पर 20,984 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
तार और उपकरण जब्त
छापेमारी दल ने मौके से बिजली चोरी में इस्तेमाल किये जा रहे तार और अन्य उपकरण जब्त कर पुलिस को सौंप दिये. कार्रवाई में कनीय विद्युत अभियंता रवि कुमार के साथ तकनीकी कर्मी अजीत कुमार और पूजा कुमारी तथा मानवबल जितेंद्र पासवान और फुलेश्वर यादव शामिल थे.
