Lakhisarai News: बड़हिया के बीएम कॉलेज गंगा घाट पर शनिवार को गंगा स्नान के दौरान शेखपुरा जिले की एक बुजुर्ग महिला डूबने लगी. घाट पर मौजूद लोगों की सजगता से महिला को सुरक्षित बचा लिया गया. महिला की पहचान शेखपुरा जिले के पचना गांव निवासी स्व. डोमन यादव की पत्नी सावित्री देवी (65) के रूप में हुई है.
स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गईं सावित्री देवी
जानकारी के अनुसार सावित्री देवी शनिवार को बीएम कॉलेज घाट पर गंगा स्नान कर रही थीं. इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं. महिला को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया.
ग्रामीणों और नाव चालकों ने नदी में लगाई छलांग
महिला को डूबते देख बड़हिया नगर के वार्ड संख्या 15 निवासी नीरज कुमार समेत अन्य ग्रामीणों और नाव चालकों ने तत्काल नदी में छलांग लगा दी. काफी प्रयास के बाद महिला को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया.
पुलिस के माध्यम से परिजनों से किया गया संपर्क
रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने महिला को बड़हिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया. थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने सावित्री देवी से पूछताछ की और उनके परिजनों से संपर्क साधा.
बेटी और दामाद पहुंचे थाना
सूचना मिलने के बाद सावित्री देवी की बेटी रेखा देवी और दामाद नंदलाल यादव बड़हिया थाना पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया.
परिजनों ने जताया आभार
Lakhisarai News: घटना के बाद सावित्री देवी के परिजनों ने उनकी जान बचाने वाले ग्रामीणों, नाव चालकों और बड़हिया थाना पुलिस के प्रति आभार जताया. स्थानीय लोगों की तत्परता से गंगा घाट पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
