लखीसराय के प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोक धाम) के पास सोमवार की सुबह हुए दर्दनाक हादसे की असली वजह सामने आ गई है. इस भीषण दुर्घटना में आठ महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. शुरुआती दौर में 11 हजार वोल्ट का तार गिरने और करंट लगने से मौतों की बात कही जा रही थी, लेकिन जिला प्रशासन ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है. जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने प्रेस वार्ता कर आधिकारिक रूप से स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की मौत करंट लगने से नहीं, बल्कि एक झूठी अफवाह के बाद मची भीषण भगदड़ के कारण हुई है.
हॉल्ट पर ट्रेनों का आगमन और पोल गिरने से फैली दहशत
प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, घटना की मुख्य वजह अशोक धाम हॉल्ट पर एक ही समय में दोनों दिशाओं से ट्रेनों का आ जाना था. ट्रेनों को देखकर स्टेशन और मंदिर के आसपास मौजूद कुछ युवकों ने अचानक भाग-दौड़ शुरू कर दी. इसी भारी अफरा-तफरी के बीच वहां लगा एक बिजली का पोल भीड़ के दबाव या भाग-दौड़ के कारण नीचे गिर गया. पोल के गिरते ही वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं के बीच यह अफवाह तेजी से फैल गई कि जमीन पर करंट दौड़ गया है.
कटी थी बिजली और कवर्ड था तार, फिर भी मची अंधी दौड़
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिस समय पोल गिरा, उस समय इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद थी. इसके अलावा जो तार जमीन पर गिरा था, वह पूरी तरह से कवर्ड यानी इंसुलेटेड था. इसके बावजूद अफवाह ने श्रद्धालुओं के बीच ऐसी दहशत फैलाई कि लोग बिना सोचे-समझे अपनी जान बचाने के लिए बेतहाशा भागने लगे. इसी अंधी दौड़ में कतार में लगी महिलाएं बेकाबू भीड़ के धक्के से नीचे गिर गईं और लोगों के पैरों तले कुचले जाने से आठ महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई.
मृतकों की हुई पहचान, राहत कार्य और जांच के आदेश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.
प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वाली कुछ महिलाओं की पहचान सार्वजनिक की
- मनमाला देवी (44), पति निरंजन कुमार, वार्ड नंबर 12, इंद टोला, बड़हिया, लखीसराय
- रिंकू देवी (50), पति नीरज यादव, फरदा, थाना सफियासराय, जिला मुंगेर
- हेमलता देवी (55), पति सुरेंद्र यादव, कैंदी प्रतापपुर, थाना हलसी, जिला लखीसराय
- ललिता देवी, पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, थाना हलसी, जिला लखीसराय
