पिकअप वैन से 1379 लीटर विदेशी शराब के साथ छह तस्कर गिरफ्तार

पिकअप वैन से 1379 लीटर विदेशी शराब के साथ छह तस्कर गिरफ्तार

रामगढ़ चौक पुलिस ने किया पिकअप वैन जब्त

लखीसराय. बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत लखीसराय पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है. रामगढ़ चौक थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर खड़गवारा गांव में छापेमारी कर एक घर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान पुलिस ने मौके से एक महिंद्रा पिकअप वैन, एक ई-रिक्शा और आठ मोबाइल समेत छह अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया है.

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि खड़गवारा गांव में अशोक यादव के घर शराब की एक बड़ी खेप उतारी जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष चुन्नू कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने उक्त मकान की घेराबंदी की. पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गयी. छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि लोहे का दरवाजा बंद कर पिकअप वैन से शराब की पेटियां उतारी जा रही थीं. पुलिस ने मकान के अंदर से ””रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की”” की कुल 154 पेटियां बरामद की हैं. इसमें 375 एमएल की 3288 बोतलें और 180 एमएल की 813 बोतलें शामिल हैं. कुल शराब की मात्रा 1379.34 लीटर बतायी जा रही है. शराब को छिपाने के लिए तस्करों ने उस पर कुरकुरे के 25 बोरे लाद रखे थे. पुलिस ने तस्करों के पास से 52सौ रुपये नकद भी बरामद किये हैं.

झारखंड के भी दो तस्कर शामिल

गिरफ्तार अभियुक्तों में लखीसराय के साथ-साथ झारखंड के तस्कर भी शामिल हैं. गिरफ्तार किये गये तस्करों में कवैया थाना क्षेत्र के पंजाबी मुहल्ला वार्ड नंबर 15 निवासी स्व. भगवान पासवान का पुत्र राजा पासवान, लखीसराय थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार निवासी विरन प्रसाद साव के पुत्र छोटू कुमार उर्फ विवेक कुमार, कवैया थाना क्षेत्र के पचना रोड काली मंदिर के पास के निवासी सागर साव के पुत्र संतोष कुमार, पंजाबी मुहल्ला पटेल नगर वार्ड नंबर 17 निवासी विजय शर्मा के पुत्र अभिषेक कुमार, झारखंड के बोकारो जिला के चास थाना क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी चास निवासी मोती लाल साव के पुत्र रूपेश कुमार साव एवं अनिल कुमार के पुत्र दीपक कुमार शामिल है. वहीं तस्करों के पास से बरामद सामानों में महिंद्रा पिकअप बीआर 02 जीडी 7419, एक ई-रिक्शा, आठ मोबाइल, 25 कच्चा कुरकुरे का बोरा व नगर 52 सौ रुपये शामिल है. छापेमारी दल में रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष चुन्नू कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अरविंद कुमार, पीटीसी शैलेश कुमार, मनोहर कुमार, होमगार्ड जवान बबलू कुमार, बुधन यादव, चौकीदार अशोक पासवान, सुभाष पासवान एवं क्यूआरटी टीम शामिल थे.

बोले थानाध्यक्ष

शराब की खेप कहां से आई थी और इसे कहां खपाया जाना था, इस संबंध में गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है. इस धंधे में शामिल अन्य सिंडिकेट सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है.

चुन्नू कुमार, थानाध्यक्ष रामगढ़ चौक

———————————————————————————

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >