''स्व-गणना'' को लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं व पर्यवेक्षकों को दिया प्रशिक्षण
'स्व-गणना' को लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं व पर्यवेक्षकों को दिया प्रशिक्षण
प्रखंड कार्यालय व आइसीडीएस कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ आयोजित
सूर्यगढ़ा. डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए, आगामी ”भारत की जनगणना-2027” को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गयी हैं. इसी क्रम में सोमवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड कार्यालय स्थित आंबेडकर सभा भवन में पर्यवेक्षकों को तथा आइसीडीएस कार्यालय सूर्यगढ़ा के सभा कक्ष में आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए एक विशेष प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में मुख्य रूप से ”स्व-गणना” तकनीक पर चर्चा की गयी. मौके पर मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप ने बताया कि इस बार नागरिक स्वयं अपनी जानकारी पोर्टल के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे. यह प्रक्रिया न केवल समय बचायेगी बल्कि आंकड़ों की सटीकता को भी सुनिश्चित करेगी.
मोबाइल ऐप व टैबलेट के माध्यम से डेटा संग्रहण की दी गयी जानकारी
यहां फील्ड ट्रेनर श्याम सुंदर पासवान, प्रभात कमल, त्रिपुरारी कुमार, शंभू दास, संजीव कुमार, राजेश कुमार, प्रियदर्शी कुमार एवं राजदेव प्रसाद द्वारा पोर्टल के उपयोग और तकनीकी बारीकियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्र के विकास की रूपरेखा तैयार करने का आधार है. इसमें जन देश के तमाम नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. इधर, आईसीडीएस कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण में सीडीपीओ रीना कुमारी के अलावे प्रखंड के 12 सेक्टर में से पांच सेक्टर की सेविकाएं शामिल हुए. सीडीपीओ ने बताया कि इन सेविकाओं का क्षेत्र के लोगों से सीधा संपर्क होता है. स्व-गणना की तकनीकी जानकारी देते हुए सेविकाओं को इसके लिए प्रेरित करने के साथ लोगों को भी इसकी जानकारी देकर जनगणना 2027 में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गयी. सीडीपीओ ने कहा कि सेविका स्व-गणना की जानकारी प्राप्त कर क्षेत्र में लोगों को भी ”स्व-गणना” के प्रति जागरूक करें. उन्होंने कहा कि सेविकाओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके क्षेत्र का कोई भी परिवार इस डिजिटल प्रक्रिया से वंचित न रहे. उन्हें अपने क्षेत्र में मोबाइल ऐप व पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना के लाभ बताने की जिम्मेदारी दी गयी. जो लोग तकनीकी रूप से सक्षम नहीं हैं. उनकी मदद कैसे की जाय. इस पर भी मार्गदर्शन दिया गया.