नवोदय विद्यालय में जूनियर छात्र की पिटाई का आरोप, पीड़ित अस्पताल में भर्ती

नगर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सीनियर छात्रों पर जूनियर छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है

बड़हिया. नगर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सीनियर छात्रों पर जूनियर छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. घटना के बाद कक्षा सात के छात्र को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले को लेकर अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है. जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र लखीसराय निवासी शिव कुमार महतो का पुत्र अभिषेक कुमार ने परिजनों को बताया कि कक्षा 11 के कुछ सीनियर छात्र मेस से हाउस तक खाना पहुंचाने के लिए जूनियर छात्रों पर दबाव बना रहे थे. अभिषेक ने खाना पहुंचाने से इनकार कर दिया. आरोप है कि इसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट की गयी. परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद अभिषेक की तबीयत बिगड़ गयी. विद्यालय की ओर से उसे घर पहुंचाया गया और बताया गया कि छात्र अस्वस्थ है. घर पहुंचने पर जब परिजनों ने पूछताछ की तो छात्र ने पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना सामने आने के बाद अन्य अभिभावकों में भी चिंता और आक्रोश है. अभिभावकों का कहना है कि यदि विद्यालय परिसर में सीनियर छात्रों द्वारा जूनियरों पर इस तरह का दबाव बनाया जा रहा है तो यह गंभीर विषय है. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में विद्यालय के प्राचार्य एनके सिन्हा ने बताया कि छात्र की तबीयत पिछले दो-तीन दिनों से खराब थी. विद्यालय स्तर पर प्राथमिक उपचार किया गया था. सुधार नहीं होने पर परिजनों को सूचना देकर छात्र को घर भेजा गया. उन्होंने कहा कि यदि जांच में मारपीट की पुष्टि होती है तो संबंधित छात्रों पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAUSHAN BHAGAT

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >