लखीसराय : भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर शनिवार को लखीसराय में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. लखीसराय युवा विकास मंच के तत्वावधान में केआरके उच्च विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल हुए.
कृषि मंत्री ने विद्यालय परिसर में पाकुड़, महोगनी और नीम के पौधे लगाकर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि अटल जी का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देता है. उनकी स्मृति में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है.
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के युगपुरुष थे. उनका कृतित्व और विचार आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे.
युवाओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना उद्देश्य
भाजपा जिला महामंत्री सह युवा विकास मंच के अध्यक्ष सनोज साहू ने कहा कि पौधारोपण अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है. वार्ड पार्षद गौतम मंडल ने लगाए गये पौधों की नियमित देखभाल पर जोर दिया. जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा.
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, भाजपा जिला महामंत्री अमरजीत प्रजापति, मंडल अध्यक्ष धनंजय विभोर, कृष्णा मुरारी, प्रकाश महतो, विकास आनंद, रोटरी क्लब के सहायक गवर्नर डॉ. अरुण कुमार, गोपाल शर्मा, सत्यानंद भारती समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
