सड़क और थाना निर्माण के बीच छिड़ा विवाद ग्रामीणों ने एसडीओ से लगायी गुहार

अंचलाधिकारी सूर्यगढ़ा द्वारा इस कार्य के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र भी दिया जा चुका है

पीरी बाजार. स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत बसौनी में विकास और सुरक्षा के दो महत्वपूर्ण कदम आपस में टकरा गये हैं. एक तरफ जहां ग्राम पंचायत की वर्षों पुरानी मुख्य सड़क को पक्का बनाने की तैयारी में है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस भवन निर्माण विभाग द्वारा बनाये जा रहे नये थाने की चहारदीवारी इस सड़क का अस्तित्व खत्म करने की कगार पर है. ग्रामीणों के अनुसार, बसौनी गांव की आधी से अधिक आबादी पीडब्ल्यूडी रोड तक पहुंचने के लिए इसी एकमात्र रास्ते का उपयोग करती है. ग्रामीणों का दावा है कि उनके पूर्वज पिछले पांच सौ वर्षों से इसी रास्ते से बैलगाड़ी, ट्रैक्टर और एंबुलेंस ले जाते रहे हैं. करीब 15 साल पहले इस पर पीसीसी सड़क बनी थी, जो अब जर्जर हो चुकी है. ग्राम पंचायत ने इस सड़क के जीर्णोद्धार की योजना स्वीकृत की है. मौके पर ईंट, बालू और सीमेंट भी गिरा दिया गया है. अंचलाधिकारी सूर्यगढ़ा द्वारा इस कार्य के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र भी दिया जा चुका है, लेकिन अब पुलिस विभाग द्वारा थाने की बाउंड्रीवाल निर्माण होने की बात कर इस रास्ते को पूरी तरह बंद करने की बात कही जा रही है. जिसको लेकर ग्रामीण काफी चिंतित है. वहीं ग्रामीणों ने एसडीओ लखीसराय को सौंपे आवेदन में स्पष्ट कहा है कि यदि यह सड़क बंद होती है, तो गांव के एक बड़े हिस्से का संपर्क मुख्य मार्ग से टूट जायेगा. आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस या दमकल की गाड़ी का गांव में प्रवेश असंभव हो जायेगा. यह सड़क हमारे लिए जीवन रेखा है. थाने का निर्माण स्वागत योग्य है, लेकिन ग्रामीणों का रास्ता छीनकर विकास करना उचित नहीं है. ग्रामीण तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि न्याय की आस लगाकर पदाधिकारी को आवेदन देकर मांग कर रहे हैं कि जल्द ही मामले का निष्पादन कर जल्द से जल्द उक्त सड़क का निर्माण कार्य करवाया जाय. ————————————————————————————————————————-

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >