इंटर परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों ने ट्रेन में बैठने को लेकर गुरुवार को लखीसराय से बड़हिया के बीच ने विक्रमशिला एक्सप्रेस में उपद्रव किया. ट्रेन की एसी बोगी में भी तोड़फोड़ की. साथ ही जगह-जगह वैक्यूम भी किया.
लखीसराय : इंटर परीक्षा गुरुवार को संपन्न होने के बाद लखीसराय से बड़हिया के बीच घर लौट रहे परीक्षार्थियों ने 12367 अप विक्रमशिला एक्सप्रेस में उत्पात मचाया. लखीसराय व बड़हिया स्टेशन के बीच लगभग आधा दर्जन से अधिक जगहों पर उत्पाती छात्रों ने ट्रेन का वैक्यूम काट कर रोका. ट्रेन में एसी बोगी में सफर कर रहे एक यात्री ने तोड़फोड़ की फोटो व्हाट्एप पर भेजते हुए कहा कि कुछ जगहों पर ट्रेन के एसी बोगी में उत्पातियों ने तांडव किया.
डुमरी हॉल्ट व बड़हिया आउटर सिग्नल के बीच उत्पातियों ने ट्रेन के एसी कोच थ्री में गेट के पास के दो खिड़की के शीशे को फोड़ डाला तथा बेड का बेडशीट भी लेकर फरार हो गया. छात्रों के उत्पात की वजह अप विक्रमशिला एक्सप्रेस लखीसराय से बड़हिया स्टेशन के बीच का लगभग 15 से 20 मिनट का सफर एक घंटा 25 मिनट में किया. सूत्रों के अनुसार लखीसराय स्टेशन से ट्रेन दोपहर 15 बजकर 08 मिनट पर खुली और मनकठा -बड़हिया के बीच 15 बज कर 55 मिनट तक रही और बड़हिया स्टेशन 16 बज कर 33 मिनट पर पहुंची.
स्टेशन पर अधिकारी िदखे चौकस: लखीसराय स्टेशन पर छात्रों के उत्पात की आशंका को लेकर एसडीओ डॉ शैलजा शर्मा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राजेश कुमार, एसडीपीओ पंकज कुमार व एएसपी अभियान पवन कुमार उपाध्याय पुलिस बल के साथ चौकस दिखे, लेकिन इन लोगों के रहते भी विक्रमशिला ट्रेन का वैक्यूम खोला गया. उक्त ट्रेन में तोड़फोड़ की घटना पर आरपीएफ इंस्पेक्टर उमाकांत ने पहले तो जानकारी होने से इनकार किया, लेकिन जब उन्हें बताया गया कि ट्रेन से एक यात्री द्वारा तोड़फोड़ की फोटो भेजी गयी है, तो उन्होंने मामले की जांच करने की बात कही. वहीं बड़हिया जीआरपी प्रभारी ने तो तोड़फोड़ की घटना होने से ही इनकार किया.
