लखीसराय : नगर परिषद् क्षेत्र के ठेकेदारी में पारदर्शिता लाने के लिए ई-टेंडर की व्यवस्था की गयी है़ किसी भी प्रकार के टेंडर भरे जाने के बाद नगर परिषद के वेबसाइट पर किसी भी व्यक्ति द्वारा पढ़ा जा सकता है़ नगर कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार रजक एवं नप उपाध्यक्ष अरविंद पासवान ने संयुक्त रूप से बताया कि वार्ड में होने वाली विकास कार्य अब ई-टेंडर के माध्यम से किया जायेगा़ इसके लिए विगत दिनों बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया गया था़ उन्होंने बताया कि पूर्व सात लाख रुपये तक की विकास योजनाओं के लिए विभागीय टेंडर समाप्त कर दिया गया है़
ई-टेंडर के माध्यम से मनसिंघा पइन एवं जलजमाव से निदान का होगा टेंडर
मार्च के प्रथम से द्वितीय सप्ताह तक मनसिंघा एवं विद्यापीठ के आसपास के इलाके में जलजमाव की समस्या से निदान के लिए नाला निर्माण के लिए ई-टेंडर के माध्यम से टेंडर किया जायेगा़ कोई भी संवेदक इस प्रकार का टेंडर अब ई-टेंडर के माध्यम से प्रक्रिया अपना कर भर सकता है़
विद्यापीठ से हरूहर नदी तक बनेगा नाला
वर्षों से नगर परिषद क्षेत्र के विद्यापीठ चौक के आसपास के वार्ड संख्या 2,3,4 एवं 5 में जल जमाव की समस्या बनी रहती है़ जरा सा भी बारिश होने से इस क्षेत्र के निवासियों के समक्ष यह समस्या विकराल रूप ले लेती है़ अब इस समस्या से इन क्षेत्रों के लोगों को जल्द छुटकारा मिल जायेगा़ इस संबंध में नप बोर्ड द्वारा फैसला लिया गया कि जल जमाव वाले सभी वार्ड को एक दूसरे से जोड़ते हुए विद्यापीठ से बालगुदर होते हुए हरूहर नदी तक नाला निर्माण कर बरसात एवं मुहल्ले के पानी को गिराया जायेगा़ इसके लिए जल्द ही ई-टेंडर से टेंडर कर जून महीने तक नाला निर्माण कराने का फैसला लिया गया है़
मनसिंघा पइन के दुर्गंध से मिलेगा छुटकारा
इसके साथ ही नप उपाध्यक्ष श्री पासवान ने बताया कि कवैया होते हुए दलपट्टी एवं किउल बस्ती स्थित लगभग 04 किलोमीटर मनसिंघा पइन को साफ कराया जायेगा़ इसकी सफाई मार्च के अंतिम सप्ताह तक करा ली जायेगी.
