दुखद. पति के घर में शराब लाने का विरोध करना पड़ा भारी
टाउन थाना क्षेत्र के हाकिमगंज में घर में शराब लाने का विरोध करने पर पति ने दिव्यांग पत्नी की पिटाई कर दी. इसमें उसका सिर फट गया. पीड़िता पुत्री के साथ थाना पहुंची.
लखीसराय : गुरुवार को टाउन थाना क्षेत्र के हाकिमगंज गांव में दिव्यांग महिला के लिए पति के शराब घर में लाने पर आपत्ति जताना भारी पड़ गया. इस दौरान पति ने बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी. घायल महिला घटना की शिकायत को लेकर अपनी पुत्री के साथ टाउन थाना पहुंची. घायल तन्नू की पुत्री शाहनाज खातून ने बताया कि उसके पिता एक बड़ी सी पॉलीथिन में शराब लेकर घर पहुंचे थे. इस पर उसकी अम्मी ने कहा कि घर में बच्चे बड़े हो गये हैं, सरकार ने शराबबंदी कर दी है,
फिर भी आप नहीं सुधर रहे हैं. इसके बाद उसके अब्बू इमाम मलिक ने अम्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी. इसमें अम्मी का सिर फट गया और शरीर पर भी काफी चोटें आयी है. शाहनाज ने बताया कि उसकी अम्मी तन्नू का पैर कृत्रिम है. थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि आवेदन देने के बाद ही पुलिस कोई कार्रवाई कर सकती है. टाउन थानाध्यक्ष राजेश रंजन ने बताया कि वे थाना से बाहर हैं. महिला के आवेदन पर कार्रवाई होगी.
देसी शराब बरामद: बड़हिया. बड़हिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने ट्रेन से 364 पाउच देसी शराब बरामद किया है. बड़हिया जीआरपी प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि गुरुवार की सुबह हावड़ा-राजेंद्र नगर सुपर फास्ट 12351 अप के जेनरल बोगी से चार बैग में रखे 364 पाउच देसी शराब बरामद किया.
