पूर्व सीएम जीतन राम मांझी के परसावां पहुंचते ही उमड़ी लोगों की भीड़
लोगों की समस्याओं को सुन मांझी ने दी सांत्वना
लखीसराय : मंगलवार को सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री सह हमपार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी रामगढ़ चौक प्रखंड के परसावां गांव पहुंच हाइकोर्ट के आदेश पर पोखर की जमीन पर से हटाये गये महादलित परिवार से मुलाकात की. श्री मांझी के पहुंचते ही विस्थापित परिवार की महिलाएं उनके पैरों पर गिर कर रोने लगी. महिलाओं ने श्री मांझी को बताया कि बिना उनलोगों को कहीं अन्य व्यवस्था किये हटा दिया गया. उजड़े घर में गर्भवती को लेकर वे लोग किसी तरह दिन गुजार रह हैं.
वहां उपस्थित एक युवक ने श्री मांझी को बताया कि 8 एकड़ 55 डिसमिल में पोखर है, जिसका खाता 294 व खसरा 1025 है. इसके जमीन पर 40 से 50 घर बना है, जो लगभग 60 वर्षों से रह रहे हैं. उसमें से सिर्फ महादलित परिवारों को ही हटाया गया है. ग्रामीणों का आरोप था कि स्थानीय प्रशासन के लोग रसूख वाले लोगों के मेल में आकर उनके बचाव में कोर्ट में बातों को रखा परंतु उन लोगों की बातों को कोर्ट के समक्ष रखने वाला कोई नहीं था. इस वजह से उन लोगों को बेघर कर दिया गया.
ग्रामीणों ने कहा कि उनकी ओर से जब शुक्रवार को पूर्व मुखिया धुरी पासवान ने प्रशासन के लोगों को समझाने का प्रयास किया तो उसके साथ प्रशासन के लोगों ने धक्का-मुक्की की. इससे भगदड़ मच गयी व पुलिस वालों ने सात राउंड फायरिंग भी की, हालांकि ग्रामीणों के अनुसार इस दौरान पुलिस के लोगों को भी चोटें आयी. ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद पुलिस की ओर से 28 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया. पुलिस की ओर से कहा गया है कि ग्रामीणों द्वारा भी गोली चलायी गयी, जो सरासर गलत है. वहीं ग्रामीणों ने एक 60 वर्षीय व्यक्ति जगदीश मांझी को आगे करते हुए कहा कि यह सूरदास है इन्हें भी आर्म्स एक्ट के तहत घटना में नामजद किया गया है.
बसाने की हो व्यवस्था
वहीं लोगों ने कहा कि एक तरफ उन्हें इंदिरा आवास आवंटित किया गया व नहीं बनाने पर नोटिस भी जारी किया व अब घर ही तोड़ दिया गया. इसके साथ ही उजड़े हुए घर के लोगों ने कहा कि उन लोगों का जीवन-मरण इसी भूमि पर है व सरकार उन्हें यहां से पांच किलोमीटर दूर भेजना चाह रही है, जहां वे लोग सुरक्षित नहीं रहेंगे. अगर यहां से उजाड़ा है
तो आसपास ही बसाने की व्यवस्था करें. जिस पर श्री मांझी ने कहा कि वे इस दिशा में मामले को सदन में रखेंगे. मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रो देवानंद साहू, लोजपा नेता विनोद राउत, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष छेदी प्रसाद गुप्ता, कन्हैया कुमार, भाजपा नेत्री कुमारी बबीता, लोजपा नेता अमित कुमार उर्फ चिक्कू, प्रभात कुमार, रालोसपा के जिला महासचिव विनोद कुमार कुशवाहा, सुदामा सिंह सहित अन्य उपस्थित थे.
