कार्रवाई. शुक्रवार की घटना के बाद पूरी तैयारी के साथ पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम
11 महादलित परिवारों को हाइकोर्ट के आदेश पर शनिवार को परसांवा तालाब की जमीन से हटाया गया. एसडीओ व एसडीपीओ के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. तालाब की जमीन से हटाये गये महादलित परिवार को इमामनगर सुरारी पंचायत के जहाना गांव में 15-15 डिसमिल जमीन उपलब्ध करायी गयी है. शुक्रवार की घटना के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान के समय शनिवार को घर में सिर्फ महिलाएं थी.
लखीसराय / रामगढ़ चौक : जिले के रामगढ़ चौक प्रखंड के परसांवा गांव स्थित पोखर की जमीन पर अतिक्रमण कर बसे 11 महादलित परिवारों को जिला प्रशासन ने शनिवार को हटा दिया. पोखर की जमीन को अतिक्रमित कर बनायी गयी झोपड़ी व मकानों को प्रशासन ने जेसीबी के माध्यम से तोड़ा. शनिवार को सारी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. हालांकि प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के दौरान उत्पन्न होने वाली हर स्थिति से निबटने की तैयारी की गयी थी.
भारी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने से गांव छावनी में तब्दील हो गया. पुलिस प्रशासन के लोगों के पहुंचने पर महादलित टोले में सिर्फ महिला सदस्य ही मौजूद थी. जो पुलिस व प्रशासन के पदाधिकारियों से घर को नहीं उजाड़ने की गुहार लगा रही थी. हालांकि अतिक्रमण हटाने पहुंचे पदाधिकारी हाइकोर्ट के आदेश के आगे खुद को मजबूर बता रहे थे.
इस संबंध में मौके पर मौजूद रामगढ़ चौक प्रखंड के अंचलाधिकारी विनय कुमार पांडा ने बताया कि गांव के ही एक सदस्य राधाकांत सिंह द्वारा हाइकोर्ट में जारी जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए हाइकोर्ट के न्यायधीश ने पोखर की जमीन पर से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि ये लोग यहां काफी अर्से से बसे हैं . इस वजह से उन्होंने स्वयं हाइकोर्ट में तीन-तीन आवेदन देकर इन लोगों को अन्यत्र बसाने तक इन्हें नहीं हटाने की प्रार्थना की थी. उन्होंने कहा कि
वैसे यहां से विस्थापित होने वाले 11 महादलित परिवारों के लिए प्रखंड के इमामनगर सुरारी पंचायत के जहाना में 6 एकड़ जमीन चिन्हित है, जहां प्रत्येक परिवार को पांच डिसमिल जमीन बसने तथा 10 डिसमिल जमीन खेती के लिए उपलब्ध कराने के लिए परचा तैयार है. उन्होंने कहा कि ये लोग पहले वहां बसने को तैयार नहीं थे, लेकिन अब तैयार हैं. वर्तमान में इन लोगों को परसांवा उच्च विद्यालय में आश्रय देने की बात कही गयी, लेकिन ये लोग अपने रिश्तेदार के पास जाने की बात कहे हैं.
घर को तोड़ता जेसीबी मशीन.
शुक्रवार को हुई थी झड़प
यहां बता दें कि प्रशासन की टीम इससे पूर्व शुक्रवार को भी अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची थी, लेकिन शुक्रवार को ग्रामीणों व पुलिस प्रशासन के बीच झड़प, रोड़ेबाजी व गोलीबारी में रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष पंकज झा सहित आधा दर्जन से अधिक पुलिस बल के घायल हो गये थे. इसके बाद शनिवार को एसडीओ अंजनी कुमारी,
एडीएम किशोरी चौधरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राजेश कुमार, एसडीपीओ पंकज कुमार, मुख्यालय डीएसपी डाॅ कृष्ण कुमार, पुलिस निरीक्षक कुंदन कुमार, विनोद राम सहित हलसी, कजरा, मेदनीचौकी, कवैया थानाध्यक्ष के साथ भारी संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल व सैप के जवान पहुंचे थे.
