लखीसराय : सदर अस्पताल इन दिनों दवा आपूर्ति में कमी,चिकित्सकों की अनुपस्थिति आदि अनेक समस्याओं से जूझ रहा है. शनिवार को सदर अस्पताल लैब जांच घर से लैब टेक्निशियन पवन कुमार के थोड़ी देर अनुपस्थिति को लेकर जांच के लिए पहुंचे मरीज द्वारा हंगामा किया जाने लगा. हंगामा कर रहे मरीज सदर थाना क्षेत्र के महिसोना निवासी शंकर महतो के 28 वर्षीय पुत्र डब्लू कुमार को लैब जांच कक्ष से अस्पताल में उपस्थित पुलिस बल द्वारा जबरन बाहर निकाला गया.
इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा तफरी का माहौल बन गया. इधर एक चिकित्सक के भी अनुपस्थिति पर एक आशा कार्यकर्ता जम कर गुस्से का इजहार कर रही थी. मरीज डब्लू महतो ने जांच को लेकर दो दिनों से परेशान होने की बात कही. जबकि लैब टैक्निशीयन पवन कुमार ने अस्पताल में ही जांच सामग्री लाने जाने की बात कही. पुलिस बलों ने आरोपी पर दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया. मौके पर पहुंचे चिकित्सक डा आर महतो ने हंगामा से इंकार करते हुए जांच को लेकर सक्षम पदाधिकारी के पास रिपोर्ट करने की बात कही है.
