चानन. बुधवार को प्रखंड के मध्य विद्यालय भलुई में एमडीएम में घटिया सामग्री का उपयोग करने के विरोध में छात्र-छात्राओं ने हंगामा किया. इस दौरान विद्यालय के प्रधान शिक्षक स्कूल से अनुपस्थित थे. बच्चों ने एमडीएम भोजन खाने से इनकार करते हुए स्कूल कार्यालय को लगभग दो घंटे तक घेरे रखा.
बच्चों ने मीनू के अनुसार भोजन नहीं बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विद्यालय प्रधान द्वारा जब जैसी मरजी होती है वैसा भोजन दिया जाता है.
भोजन में खिचड़ी जैसे तैसे पका देखछात्र भड़क उठे और हंगामा करने लगे. रसोइया द्वारा फिर से उसे आग पर चढ़ा कर थोड़ा स्वादिष्ट बनाने की कोशिश की गयी. छात्र अभिषेक कुमार, श्रवण कुमार, प्रेम रंजन कुमार, गुडि़या कुमारी, दीपक कुमार, रोहित कुमार, सिंपी कुमारी, अनिशा कुमारी सहित दर्जनों छात्र-छात्राओं ने कहा कि स्कूल में कभी भी मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जाता है. छात्रों ने राजमा-पुलाव आज तक यहां नहीं खाया है. इसके अलावा बच्चों से आलू छिलवाया जाता है, पानी मंगाया जाता है. रसोइया ड्रेस कोड का पालन नहीं करती है. शिक्षिका प्रत्येक दिन एक बजे ही विद्यालय से चली जाती हैं. इस संबंध में विद्यालय प्रधान किशोर कुमार संतोष जनक उत्तर नहीं दे पाये और गड़बड़ी की सारी जवाबदेही रसोइया पर डाल दी.
