आरोपियों पर केस उठाने के लिए धमकी दिये जाने का लगाया आरोप
लखीसराय : जिला के चानन थाना क्षेत्र के सिंहचक गांव में बारात मिलन के दौरान चली गोली से सूर्यगढ़ा थाना के निस्ता निवासी सरदारी यादव के जख्मी पुत्र मिठ्ठू कुमार अपनी जान की सुरक्षा व न्याय दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को एसडीपीओ से मिला. मिठ्ठू अपने पिता सरदारी यादव एवं चाचा पूर्व सरपंच विजय यादव के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष कुमार से मिलकर लिखित व मौखिक अनुरोध किया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष कुमार ने घटना से संबंधित उपलब्ध वीडियो का तैयार सीडी घटना के साक्ष्य के रूप में फरियादी को देने के लिए कहा है. उक्त घटना से संबंधित चानन थाना कांड 58/18 के भादवि की धारा 307, 27 ऑर्म्स एक्ट में निस्ता गांव के ही दारोगा यादव के पुत्र प्रमोद कुमार उर्फ पगला को नामजद बनाया गया है.
एक माह बीत जाने के बाद भी नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस के केस अनुसंधान प्रभावित होने का संदेह मिठ्ठू सहित उसके सम्पूर्ण परिवार को है. ऊपर से केस उठाने का लगातार बढ़ता दबाव सम्पूर्ण परिवार का परेशान कर रखा है. मिठू के पिता सरदारी यादव व चाचा विजय यादव ने घटना के संबंध में बताया कि दिनांक 29 अप्रैल 2018 को गांव के ही सुरेश यादव के पुत्र सदानंद यादव के शादी के मौके पर सिंहचक बारात गया हुआ था. बारात मिलन के दौरान पगला यादव द्वारा पिस्तौल लहराते हुए जान मारने की नियत से गोली चलायी जिसमें मिठ्ठू जख्मी हो गया था.
