पानी पार कर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, हवाकोल में आरसीसी पुल की मांग

हवाकोल पंचायत में बरसात के मौसम में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है. स्कूली बच्चों को किताबें सिर पर रखकर पानी पार करना पड़ता है. सालों से पुल निर्माण की मांग अनसुनी है.

किशनगंज : टेढ़ागाछ प्रखंड की हवाकोल पंचायत के वार्ड संख्या-2 में बरसात के दौरान आवागमन गंभीर समस्या बन गया है. उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पंचायत सरकार भवन और गुड़िया हाट तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर पानी पार करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार छात्र-छात्राओं को कपड़े और किताबें सिर पर रखकर पानी पार कर विद्यालय जाना पड़ता है. इससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से सांसद, विधायक और जिला प्रशासन को आवेदन देकर आरसीसी पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही समस्या सामने आती है, जिससे शिक्षा, पंचायत संबंधी कार्य और स्थानीय बाजार तक पहुंच प्रभावित होती है. लोगों ने प्रशासन से अविलंब आरसीसी पुल का निर्माण कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >