हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत

हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत

बहन के तिलकोत्सव में जा रहा था बाइक सवार

लखीसराय-सूर्यगढ़ा एनएच 80 पर रतनुपुर गांव के समीप सोमवार देर शाम की घटना

सूर्यगढ़ा. लखीसराय-सूर्यगढ़ा के बीच रतनुपुर गांव के समीप एनएच 80 पर सोमवार की देर शाम रफ्तार का कहर देखने को मिला. हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. घटना सोमवार देर शाम 8:15 बजे की बतायी जा रही है. मृतक की पहचान जमुई जिला के सिकंदरा थाना अंतर्गत राधानगर गांव के रहने वाले कन्हैया शर्मा का 21 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार व मंझवे गांव के रहने वाले भोला शर्मा के 33 वर्षीय पुत्र दिलीप शर्मा के रूप में हुई. पुलिस ने मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करवाया.

ओवरटेक करने के चक्कर में गयी जान

जानकारी के मुताबिक मृतक दोनों बाइक सवार तिलक समारोह में शामिल होने के लिए बेगूसराय जिले के शाम्हो थाना क्षेत्र अंतर्गत झगड़ाहा गांव जा रहे थे. दीपक कुमार की मौसेरी बहन का तिलकोत्सव था. मध्य विद्यालय रतनुपुर के समीप गिट्टी लदे 14 चक्का हाइवा को ओवरटेक करने के क्रम में दोनों बाइक सवार हाईवा की चपेट में आ गये. इससे बुरी तरह कुचले जाने से घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गयी.

क्षत-विक्षत शव को बोरा में उठाना पड़ा

मृतक दोनों युवक का शव सड़क पर लगभग 25 मीटर तक इस कदर क्षत-विक्षत स्थिति में बिखरा पड़ा था कि पुलिस को एन एच 80 पर से शव को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. स्थिति यह थी कि पुलिस को मृतक के शव को बोरे में उठाना पड़ा.

घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

एनएच 80 पर लगातार हो रहे सड़क हादसे से स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया. घटना के बाद लगभग 45 मिनट सड़क यातायात बाधित रहा. ग्रामीणों का कहना था कि सड़क सड़क पर रफ्तार कहर देखा जा रहा है. घटना के बाद ग्रामीण घटनास्थल पर उत्तेजित नजर आये. थानाध्यक्ष रोहित कुमार के नेतृत्व में सूर्यगढ़ा पुलिस घटनास्थल पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में सफलता पायी. सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. दोनों वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है. हाईवा चालक अपनी वाहन सड़क किनारे खड़ी कर फरार हो गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >