Kishanganj River Accident: बेलवा (किशनगंज). किशनगंज प्रखंड के बेलवा पंचायत अंतर्गत बेलवा गांव के वार्ड संख्या-03 में सोमवार शाम करीब 5:30 बजे दो सगी बहनों के डोंक नदी में डूबने की घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया. हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची.
पांव फिसलने से नदी में डूबने का आरोप
जानकारी के अनुसार फतेबुल की 15 वर्षीय पुत्री फरहाना और 12 वर्षीय रही सोमवार शाम डोंक नदी किनारे गई थीं. इसी दौरान अचानक पांव फिसलने से दोनों नदी में जा गिरीं और देखते ही देखते पानी में लापता हो गईं. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया.
ग्रामीणों ने शुरू की तलाश, नहीं मिला सुराग
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंचे. लोगों ने अपने स्तर से नदी और आसपास के इलाकों में काफी देर तक दोनों बच्चियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को घटना की जानकारी दी.
सीओ और थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने पर किशनगंज सीओ राहुल कुमार और थाना प्रभारी मुकेश कुमार सक्रिय हुए. पुलिस बल को मौके पर भेजा गया. प्रशासन की ओर से एसडीआरएफ टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, ताकि नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा सके.
अंधेरा होने के कारण सोमवार रात नहीं शुरू हो सका सर्च ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीम सोमवार शाम करीब 7 बजे घटनास्थल पर पहुंची. उस समय तक अंधेरा हो चुका था. पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण टीम नदी में उतरकर तलाशी अभियान शुरू नहीं कर सकी. टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और मंगलवार सुबह दोबारा अभियान शुरू करने की तैयारी की.
दो बोट के साथ मंगलवार सुबह फिर शुरू हुई तलाश
मंगलवार सुबह एसडीआरएफ की टीम दो बोट के साथ डोंक नदी में उतरी और दोनों लापता बच्चियों की तलाश शुरू कर दी. नदी के संभावित स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चियों का पता नहीं चल सका था.
गांव में पसरा मातम
Kishanganj River Accident: हादसे के बाद बेलवा गांव में शोक का माहौल है. बच्चियों के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण भी उनके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं. मौके पर राजस्व कर्मचारी भुवन झा सहित पुलिस और प्रशासनिक कर्मी मौजूद रहे.
