किशनगंज के मनीष व चंद्रशेखर बने इंटरनेशनल फिडे रेटेड शतरंज खिलाड़ी
किशनगंज के दो युवा शतरंज खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बनाई पहचान, फिडे रेटिंग हासिल कर बढ़ाया जिले का मान.
किशनगंज के मनीष दुबे और चंद्रशेखर पाल ने विश्व शतरंज महासंघ (फिडे) की अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. सरवत्र शतरंज फिडे रैपिड रेटिंग चेस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर दोनों खिलाड़ी अब आधिकारिक रूप से इंटरनेशनल रेटेड चेस प्लेयर बन गए हैं.
किशनगंज.
जिले के शतरंज खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है. स्थानीय संकल्प चेस पाठशाला के दो होनहार खिलाड़ियों मनीष दुबे और चंद्रशेखर पाल ने विश्व शतरंज महासंघ (फिडे) की अंतरराष्ट्रीय रेटिंग हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है.रुईधासा निवासी राकेश दुबे के पुत्र मनीष दुबे तथा हॉस्पिटल रोड निवासी चंद्रशेखर पाल को यह सफलता तीन मई को किशनगंज में आयोजित सरवत्र शतरंज फिडे रैपिड रेटिंग चेस चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिली. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन किशनगंज चेस क्लब की ओर से किया गया था.प्रतियोगिता के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने देश के कई अनुभवी शतरंज खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी. चंद्रशेखर पाल ने नौ राउंड में पांच अंक अर्जित किए, जबकि मनीष दुबे ने 4.5 अंक हासिल किए. उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर विश्व शतरंज महासंघ ने चंद्रशेखर पाल को 1550 और मनीष दुबे को 1461 की अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग प्रदान की. इसके साथ ही दोनों खिलाड़ी इंटरनेशनल रेटेड चेस प्लेयर बन गए हैं.खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर संकल्प चेस पाठशाला के मुख्य कोच एवं अरीना फिडे मास्टर सुबेंदु चक्रवर्ती ने खुशी जताते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. उन्होंने कहा कि फिडे रेटिंग प्राप्त करना हर शतरंज खिलाड़ी का सपना होता है और इनकी सफलता अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी.मनीष और चंद्रशेखर की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और शतरंज जगत में खुशी का माहौल है. सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
खिलाड़ियों के कोच ने सफलता पर दी बधाईखिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर संकल्प चेस पाठशाला के मुख्य कोच और अरीना फिडे मास्टर सुबेंदु चक्रवर्ती ने बेहद खुशी जतायी. उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा मनीष और चंद्रशेखर दोनों ही बेहद प्रतिभाशाली और अनुशासित खिलाड़ी हैं. इस बड़े मुकाम को हासिल करने के लिए दोनों ने दिन-रात कड़ी मेहनत की है. फिडे रेटिंग पाना हर शतरंज खिलाड़ी का सपना होता है और इनकी यह सफलता संकल्प चेस पाठशाला के अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से किशनगंज के खेल प्रेमियों और शतरंज क्लब से जुड़े सदस्यों में भारी उत्साह है. सभी ने मनीष और चंद्रशेखर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.