मीरभिट्ठा टोला की जर्जर संपर्क सड़क पर सफर जानलेवा
मीरभिट्ठा टोला की जर्जर संपर्क सड़क पर सफर जानलेवा
अत्यधिक ढलान व बिखरी गिट्टियों ने बढ़ाई दुघर्टना की आशंका, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि ने जल्द मरम्मत की उठायी मांग
पौआखाली. नगर पंचायत पौआखाली क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन स्थित मीरभिट्ठा टोला के निवासियों के लिए मुख्य मार्ग से घर तक पहुंचना किसी जोखिम भरे सफर से कम नहीं है. एनएच 327ई से जुड़ने वाली यह संपर्क सड़क वर्तमान में काफी जर्जर व खतरनाक स्थिति में पहुंच चुकी है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, नेशनल हाईवे से टोले की ओर मुड़ने वाली यह सड़क न केवल ऊबड़-खाबड़ है, बल्कि अत्यधिक ढलान पर होने के कारण बेहद जानलेवा हो गयी है. सड़क की ऊपरी सतह पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे ईंट व गिट्टियों के कारण आए दिन राहगीर व दुपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं. बरसात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब ढलान पर फिसलन बढ़ जाती है. टोला निवासी और पूर्व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नूर आलम ने इस समस्या को लेकर गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने बताया कि इस मार्ग से गुजरना अब खतरे को दावत देने जैसा है. नूर आलम ने नगर पंचायत की मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद व संबंधित वार्ड पार्षद से अविलंब हस्तक्षेप करने की अपील की है. उन्होंने मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द करायी जाए ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके. मीरभिट्ठा टोला के निवासियों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण बुजुर्गों, बच्चों व मरीजों को लाने-ले जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू नहीं हुआ तो इसे नगर प्रशासन का विकास के प्रति संवेदनहीन रवैया माना जाएगा.