पौआखाली.आखिरकार लंबे जद्दोजेहद के बाद पौआखाली नगर पंचायत के वार्ड संख्या नौ स्थित पबना गांव में विभाग ने मंगलवार को 63 केबीए का एक अतिरिक्त विद्युत ट्रांसफार्मर लगा दिया है जिस कारण उपभोक्ताओं में खुशी का माहौल व्याप्त है. स्थानीय उपभोक्ताओं ने ट्रांसफार्मर को लगवाने का श्रेय बंदरझूला पंचायत के मुखिया सह जिलाध्यक्ष, युवा प्रकोष्ठ जन सुराज पार्टी के नेता इकरामुल हक को दिया है. स्थानीय ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया. विद्युत ट्रांसफार्मर के साथ पवना गांव पहुंचते ही एकरामुल हक का वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जरदिश आलम, मजेबुल हक, सफेजूल हक, इज़हार आलम, एकबोर अली सहित अन्य ग्रामीणों ने आभार जताया. गौरतलब है कि पबना गांव के शेरशाहवादी, आदिवासी और एक अन्य सहित कुल तीन टोलों के सौ से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को गांव में लगे एकमात्र 63 केबीए ट्रांसफार्मर से ही आपूर्ति मिल रही थी जिस कारण पिछले पांच वर्षों से लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता जूझने को मजबूर थे. स्थानीय उपभोक्ता इसके लिए विभाग से कई बार पत्राचार कर आग्रह अनुरोध भी कर चुके थें. इतना ही नहीं दो वर्ष पूर्व मौजूदा राजद विधायक सऊद आलम ने भी विभाग के कार्यपालक अभियंता को लेटर पैड के माध्यम से पबना गांव में एक अतिरिक्त विद्युत ट्रांसफार्मर लगवाने का अनुरोध किया था लेकिन फिर भी ट्रांसफार्मर नहीं लग पाया था. किंतु एक डेढ़ माह पूर्व जब पबना गांव के उपभोक्ताओं ने अपनी समस्या से रू-ब- रू करवाते हुए इसकी जिम्मेवारी एकरामुल हक को दी तो उन्होंने गांव में पहुंचकर विभाग के अभियंता से बातचीत कर इसके लिए लगातार प्रयास करते रहे और नतीजा यह आया कि इनका प्रयास रंग लाया और गांव में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगने की मांग पूरी हो गई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
