Registry Office: ठाकुरगंज के अवर निबंधन कार्यालय का मुख्य प्रवेश मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है. बारिश के बाद कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में जमीन और मकान की रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों को गड्ढों और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग की है.
बारिश में तालाब बन जाता है प्रवेश मार्ग
बारिश होते ही कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने सड़क पर पानी भर जाता है. गड्ढों में जमा गंदा पानी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है. रजिस्ट्री कराने पहुंचे बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांग और दूर-दराज से आने वाले लोगों को कीचड़ के बीच होकर कार्यालय तक पहुंचना पड़ता है. दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का भी खतरा बना रहता है.
करोड़ों के राजस्व वाले कार्यालय की बदहाल तस्वीर
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस कार्यालय में प्रतिदिन लाखों-करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्तियों की खरीद-बिक्री दर्ज होती है, उसी कार्यालय का मुख्य प्रवेश मार्ग वर्षों से उपेक्षा का शिकार है. पहली बार आने वाले लोगों को भी सरकारी व्यवस्था की यह बदहाल तस्वीर हैरान कर देती है.
हर बरसात में दोहराई जाती है समस्या
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या नई नहीं है. हर वर्ष बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव हो जाता है. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक जमा रहता है. समय के साथ सड़क भी जगह-जगह टूट चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई.
स्थायी समाधान की उठी मांग
Registry Office: कार्यालय आने वाले लोगों ने कहा कि करोड़ों रुपये का राजस्व देने वाले इस महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों की भराई और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को परेशानी से राहत मिल सके.
