किशनगंज : ठाकुरगंज नगर पंचायत क्षेत्र के पात्र परिवारों के लिए नए राशन कार्ड बनाने की आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल के निर्देश पर नगर पंचायत कार्यालय में आवेदन पत्र जमा किए जा रहे हैं. पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने पहुंचे.
नगर पंचायत कार्यालय में आवेदन प्राप्त करने और पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी कर्मी कृष्णा पासवान और संजय पंडित को सौंपी गई है. दोनों कर्मी लाभुकों से आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन स्वीकार कर रहे हैं.
मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि जिनका अब तक राशन कार्ड नहीं बन सका है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर समय पर आवेदन जमा करें. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना नगर पंचायत की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है.
नगर पंचायत प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो.
