ठाकुरगंज पंचायत समिति ठाकुरगंज की सामान्य बैठक बुधवार, 12 अगस्त को प्रखंड मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में होगी. बैठक पूर्वाह्न 11:30 बजे निर्धारित की गई है. पंचायत समिति की ओर से जारी पत्र के माध्यम से सांसद, विधायक, प्रमुख, उपप्रमुख, पंचायत समिति सदस्यों और मुखियाओं को बैठक में शामिल होने की सूचना दी गई है. वहीं संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने प्रतिवेदन के साथ बैठक में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.
विकास योजनाओं के आय-व्यय पर होगी चर्चा
बैठक में पंचायत क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी. एजेंडे में 16वीं वित्त आयोग मद के तहत क्रियान्वित और संचालित योजनाओं के आय-व्यय पर विचार-विमर्श शामिल है. इसके बाद कृषि संबंधी योजनाओं की स्थिति, प्रगति और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी.
बिजली और मनरेगा के मुद्दे भी शामिल
बैठक में विद्युत विभाग की योजनाओं के साथ मनरेगा से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी. ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास कार्यों से संबंधित मुद्दे जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए जा सकते हैं. राजस्व विभाग और अंचल से जुड़े मामलों पर भी पंचायत समिति के स्तर से विचार-विमर्श होगा.
शिक्षा, बाल विकास और आवास योजना पर भी चर्चा
समाज कल्याण विभाग के बाल विकास कार्यक्रम और शिक्षा को भी बैठक के एजेंडे में शामिल किया गया है. इसके अलावा आपूर्ति विभाग की योजनाओं और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रगति एवं क्रियान्वयन पर चर्चा होगी.
अधिकारियों को प्रतिवेदन के साथ पहुंचने का निर्देश
बैठक को लेकर मनरेगा, बाल विकास, पशुपालन, शिक्षा, आपूर्ति, कृषि, सहकारिता, उद्यान, पंचायत, महिला प्रसार और श्रम प्रवर्तन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने प्रतिवेदन के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.
विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस तैनात रहेगी
बैठक के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठाकुरगंज थानाध्यक्ष को सशस्त्र बल के साथ आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. बैठक की सूचना अनुमंडल पदाधिकारी, किशनगंज, उप विकास आयुक्त और जिला पदाधिकारी को भी दी गई है.
अन्य स्थानीय मुद्दे भी उठ सकेंगे
बैठक के एजेंडे में कुल 10 बिंदु रखे गए हैं. अंतिम बिंदु में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर चर्चा का प्रावधान है. ऐसे में निर्धारित एजेंडों के अलावा जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र से जुड़े स्थानीय मुद्दों को भी बैठक में उठा सकेंगे.
