ई-शिक्षाकोष एप के नए अपडेट से किशनगंज में शिक्षक परेशान

किशनगंज जिले के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष एप के नए अपडेट के बाद भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है

किशनगंज किशनगंज जिले के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष एप के नए अपडेट के बाद भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. किसी का पासवर्ड काम नहीं कर रहा है तो किसी की उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है. वहीं कई शिक्षकों के मोबाइल में गलत विद्यालय और गलत लोकेशन दिखने की शिकायत भी सामने आई है. शिक्षकों का कहना है कि विभाग की ओर से एप का नया वर्जन अपडेट करने के निर्देश दिए गए थे. अपडेट के बाद एप खोलते ही कई तरह की समस्याएं आने लगीं. सबसे बड़ी दिक्कत लॉगिन को लेकर हो रही है. कई शिक्षकों का यूजर आईडी और पासवर्ड सही होने के बावजूद पासवर्ड एरर दिखा रहा है. इसके कारण वे एप में प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं. इसके अलावा जिन शिक्षकों का एप खुल भी रहा है, उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है. अटेंडेंस मार्क करने के दौरान लोकेशन मिसमैच या नेटवर्क एरर जैसी समस्या आ रही है. कुछ शिक्षकों ने बताया कि वे विद्यालय परिसर में मौजूद रहने के बावजूद एप उनकी लोकेशन को स्वीकार नहीं कर रहा है, जिससे उपस्थिति अधूरी रह जा रही है. कई शिक्षकों ने यह भी शिकायत की है कि एप में उनका पुराना विद्यालय दिख रहा है, जबकि उनका स्थानांतरण महीनों पहले हो चुका है. मास्टर डाटा अपडेट नहीं होने के कारण वर्तमान विद्यालय का नाम नहीं आ रहा है. कुछ शिक्षकों का मास्टर डाटा डाउनलोड ही नहीं हो पा रहा है, जिससे वे किसी भी प्रक्रिया को पूरा नहीं कर पा रहे हैं. शिक्षकों का कहना है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण उन्हें अनावश्यक मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है. विभागीय स्तर पर लगातार ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने का दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन एप की खराब कार्यप्रणाली के कारण वे असहाय महसूस कर रहे हैं. कई शिक्षकों ने आशंका जताई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनकी उपस्थिति संबंधी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. जिले के विभिन्न प्रखंडों से भी ऐसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं. शिक्षकों ने विभाग से मांग की है कि एप की तकनीकी खामियों को तत्काल दूर किया जाए और जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता, तब तक उपस्थिति को लेकर शिक्षकों पर किसी प्रकार की कार्रवाई न की जाए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >