शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, विद्यालय में ग्रामीणों का भारी हंगामा

शिक्षक की बेरहमी से छात्र का हाथ टूटा, विद्यालय में ग्रामीणों का भारी हंगामा

क्रिकेट की गेंद लेने स्कूल परिसर में घुसा था 11 वर्षीय अयान, बीईओ ने दिया स्थानांतरण का आश्वासन

ठाकुरगंज. नगर के वार्ड संख्या नौ स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में एक शिक्षक की बर्बरता का मामला सामने आया है. शिक्षक की पिटाई से कक्षा छह का 11 वर्षीय छात्र मो अयान गंभीर रूप से घायल हो गया है. अयान के हाथ में गहरी चोट आयी है. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में जमकर बवाल काटा व आरोपित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मो अयान विद्यालय नहीं गया था. वह स्कूल से सटे गांधी मैदान में चल रहे क्रिकेट मैच को देख रहा था. खेल के दौरान गेंद विद्यालय परिसर के भीतर चली गयी. जब अयान गेंद लेने के लिए स्कूल के अंदर दाखिल हुआ, तो वहां मौजूद शिक्षक मुकेश कुमार ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. अयान जब घायल अवस्था में रोते हुए घर पहुंचा व परिजनों को आपबीती सुनाई, तो ग्रामीण उग्र हो गए. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंच गए व हंगामा शुरू कर दिया.

मौके पर पहुंचे अधिकारी, शिक्षक ने गुनाह कबूला

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अवधेश शर्मा व मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल तुरंत मौके पर पहुंचे. अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपी शिक्षक मुकेश कुमार ने छात्र की पिटाई की बात स्वीकार कर ली. स्थानीय लोगों व वार्ड पार्षदों का आरोप है कि आरोपित शिक्षक पहले भी कई छात्रों की बेरहमी से पिटाई कर चुका है. स्कूल के शिक्षक गुटों में बंटे हुए हैं, जिससे शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है. पीड़ित छात्र अयान को पहले भी निशाना बनाया गया था.

स्थानांतरण की मांग पर अड़े ग्रामीण

ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने दो टूक कहा कि यदि आरोपित शिक्षक का तुरंत स्थानांतरण नहीं किया गया, तो वे संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराएंगे. मौके पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप कुमार साह, पार्षद अमित कुमार सिंहा, कन्हैया लाल महतो व अमरजीत चौधरी ने बीईओ से सख्त कार्रवाई की मांग की. वहीं बीईओ अवधेश शर्मा ने आक्रोशित लोगों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया कि मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर ली गयी है व आरोपित शिक्षक का जल्द ही अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >