भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी व पुलिस ने ट्रक के साथ 11 टन केला पकड़ा

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी व पुलिस ने ट्रक के साथ 11 टन केला पकड़ा

ठाकुरगंज के नाम पर कटी थी बिल्टी, सीमावर्ती गांव में ट्रैक्टरों से पार करने की थी तैयारी

पौआखाली/सुखानी. भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सशस्त्र सीमा बल व सुखानी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. सोमवार की रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए टीम ने दुराघाटी गांव के समीप से केले से लदे एक बड़े ट्रक को जब्त किया. तस्करी के इस खेल में करीब 11,480 किलोग्राम (लगभग 11.5 टन) केला बरामद किया गया है, जिसे अवैध तरीके से नेपाल भेजने की योजना थी. एसएसबी व पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक उत्तर प्रदेश से केले की बड़ी खेप लेकर सीमा की ओर बढ़ रहा है. पुलिस ने जाल बिछाकर यूपी नंबर के ट्रक (यूपी32टीएन 8883) को घेर लिया. जांच के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में केला पाया गया. ट्रक चालक अजय कुमार यादव को हिरासत में ले लिया गया है. थानाध्यक्ष मनु कुमारी ने बताया कि कागजी प्रक्रिया के बाद जब्त माल और चालक को फारबिसगंज कस्टम को सौंप दिया गया है.

बिल्टी ठाकुरगंज की, लोकेशन सीमावर्ती गांव

जांच में एक बड़ा खुलासा यह हुआ कि ट्रक की बिल्टी ठाकुरगंज के नाम से कटी थी, लेकिन ट्रक को ठाकुरगंज ले जाने के बजाय सीमावर्ती गांव के पास खड़ा किया गया था. पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद दो-तीन ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकले. आशंका जतायी जा रही है कि ट्रक से केले उतारकर इन्हीं ट्रैक्टरों के जरिए छोटे रास्तों से नेपाल भेजने की तैयारी थी.

सिंडीकेट की जांच में जुटी पुलिस

आमतौर पर सीमा पर खाद या खाद्यान्न की तस्करी होती है, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में केले की जब्ती ने अधिकारियों को चौंका दिया है. सूत्रों का कहना है कि इस इलाके में छोटे वाहनों से तस्करी का खेल लंबे समय से चल रहा था, लेकिन ट्रक पकड़े जाने के बाद अब किसी बड़े सिंडीकेट के शामिल होने की संभावना बढ़ गयी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस धंधे के पीछे मुख्य सूत्रधार कौन है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >