Kishanganj, 13 से 17 मई तक कई ट्रेनें रद्द, समय में बदलाव से यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
13 से 17 मई तक कई ट्रेनें रद्द, समय में बदलाव से यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
पंजीपाड़ा–किशनगंज–हटवार–कानकी–सूरजकमल रेलखंड में ऑटोमैटिक सिग्नलिंग होगा कार्य
किशनगंज, ठाकुरगंज से बच्छराज नखत की रिपोर्ट, कटिहार रेल मंडल के पंजीपाड़ा–किशनगंज–हटवार–कानकी–सूरजकमल railखंड में ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है. रेलवे द्वारा इस महत्वपूर्ण सेक्शन में प्री-एनआई एवं नॉन इंटरलॉकिंग कार्य 13 मई से 17 मई 2026 तक किया जाएगा. कार्य के दौरान इस रूट से गुजरने वाली कई यात्री एवं एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से रद्द, पुनर्निर्धारित एवं नियंत्रित किया गया है. रेलवे मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार 13, 14 एवं 15 मई को प्रतिदिन ढाई घंटे का प्री-एनआई कार्य होगा. इसके बाद 16 मई को लगभग 12 घंटे का नॉन इंटरलॉकिंग कार्य तथा 17 मई को चार घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह कार्य पाजीपाड़ा से सूरजकमल तक ऑटोमेटिक ब्लाक सिग्नलिंग प्रणाली चालू करने के लिए किया जा रहा है. कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रहेंगी रद्द कार्य के कारण राधिकापुर–सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस, सिलीगुड़ी–कटिहार डीएमयू, सिलीगुड़ी–मालदा कोर्ट डीएमयू, बलुरघाट–सिलीगुड़ी इंटरसिटी समेत कई ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग तिथियों में पूरी तरह रद्द रहेगा. वहीं जोगबनी–सिलीगुड़ी एक्सप्रेस एवं मालदा टाउन–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस भी प्रभावित रहेंगी. कुछ ट्रेनों का बदलेगा समय रेलवे ने सरायघाट एक्सप्रेस, तीस्ता तोर्सा एक्सप्रेस, एलटीटी–गुवाहाटी एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल तथा वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का समय पुनर्निर्धारित किया है. कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से कई घंटे विलंब से चलाया जाएगा. डीएमयू सेवाओं पर सबसे अधिक असर स्थानीय यात्रियों के लिए चलने वाली डीएमयू ट्रेनों पर इस कार्य का सबसे अधिक असर पड़ेगा. कटिहार, किशनगंज, ठाकुरगंज, सिलीगुड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों में रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. कई डीएमयू ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द भी किया गया है. रेलवे ने जारी किया अलर्ट रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें. रेलवे द्वारा स्टेशनों पर लगातार उद्घोषणा, आईवीआरएस, पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम एवं अन्य माध्यमों से यात्रियों को जानकारी देने का निर्देश जारी किया गया है.रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली लागू होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगा तथा भविष्य में ट्रेनों की आवाजाही क्षमता भी बढ़ेगी.