किशनगंज पोठिया अंचल के राजस्व कर्मचारी मिथलेश कुमार झा पर दाखिल खारिज करने के नाम पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है. शनिवार को कांग्रेस विधायक कमरुल हुदा ने जिला पदाधिकारी विशाल राज को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच कर आरोपी राजस्व कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने का मांग किया है. विधायक कमरूल हुदा ने डीएम को सौंपे गए आवेदन में लिखा कि किशनगंज के इस गरीब क्षेत्र में भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी पर रोक लगाने हेतु आवश्यक पहल की जाए. जमीन का दाखिल खारिज व परिमार्जन के नाम पर अंचल कार्यालयों में लूट का अड्डा बना हुआ है जिनका सेवा शुल्क और रिश्वत संबंधित अधिकारी, कर्मचारी तक पहुंच गया उसका काम तो हो जाता है. जिनका नहीं पहुंच पाता है, उन्हें बिना वजह कागजी प्रक्रिया में उलझा दिया जाता है. रिश्वत की उगाही के लिए कर्मचारी व अधिकारी दलालों का प्रबंध किए हुए है. विधायक ने एक ऑडियो क्लिप भी डीएम को सौंपी है जिसमें जमीन मालिक और आरोपी राजस्व कर्मचारी मिथलेश कुमार झा के बीच रिश्वत मांगने का दावा किया जा रहा है. जिला पदाधिकारी विशाल राज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच के आदेश दिया है. डीएम ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
