रेतुआ नदी में बढ़ा जलस्तर, महादलित टोला के पास तेज कटाव से दहशत

किशनगंज के टेढ़ागाछ प्रखंड में रेतुआ नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि से निचले इलाकों में दहशत है. कोठी टोला देवरी गांव में महादलित टोला के पास हो रहे तेज कटाव से कई परिवार संकट में हैं. ग्रामीणों ने तत्काल कटावरोधी कार्य की मांग की है.

किशनगंज : जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड से होकर बहने वाली रेतुआ नदी में मंगलवार देर शाम अचानक जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों के लोगों में दहशत फैल गई है. नदी का तेज बहाव चिल्हनियां पंचायत के कोठी टोला देवरी गांव के वार्ड संख्या-11 स्थित महादलित टोला तक पहुंच गया है, जहां नदी किनारे तेजी से कटाव हो रहा है.

कटाव के कारण कई परिवारों के घरों और जमीन पर खतरा मंडराने लगा है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटावरोधी कार्य नहीं कराया गया तो कई घर नदी में समा सकते हैं. लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.

स्थानीय ग्रामीण चमक लाल मांझी, राधा देवी, आशा देवी, बिरेन्ची पासवान सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में रेतुआ नदी का कटाव गांव के लिए गंभीर समस्या बन जाता है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से अविलंब आवश्यक कदम उठाकर कटाव रोकने तथा संभावित नुकसान से लोगों को बचाने की अपील की है. इधर, प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है. स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >