फोटो 1 : शपथ लेते न्यायिक कर्मी सब हेड : विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर सामूहिक शपथ, नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प प्रतिनिधि, किशनगंज बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज के तत्वावधान में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज सुशांत कुमार की अध्यक्षता में किया गया. कार्यक्रम के दौरान न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारियों को तम्बाकू, सिगरेट, शराब एवं अन्य सभी प्रकार के घातक नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने की सामूहिक शपथ दिलायी गयी. शपथ के माध्यम से इस बात पर विशेष बल दिया गया कि सभी कर्मी न केवल स्वयं को इन व्यसनों से दूर रखेंगे, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी इसके गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे. अध्यक्षता कर रहे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत कुमार ने समाज में नशामुक्ति की बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि तम्बाकू और अन्य नशीले पदार्थ न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज आर्थिक, सामाजिक तथा मानसिक रूप से प्रभावित होता है. उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक कर ही इस बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सकता है. उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील भी की. साथ ही कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण सामूहिक प्रयासों से ही संभव है. इस गरिमामय एवं उद्देश्यपूर्ण कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर, अन्य न्यायिक पदाधिकारीगण, व्यवहार न्यायालय के कर्मचारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मी उपस्थित रहे. सभी ने पूरी निष्ठा के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण के अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज करायी और जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
न्यायिक पदाधिकारियों और कर्मियों ने लिया तम्बाकू व नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने का संकल्प
नशे के खिलाफ ली गई सामूहिक शपथ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को तम्बाकू, सिगरेट, शराब तथा अन्य सभी प्रकार के घातक नशीले पदार्थों का सेवन न करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई.
