पेड़ों से नाता और हरियाली का वादा! किशनगंज में बच्चों ने पेड़-पौधों को रक्षासूत्र बांधकर दिया संदेश

किशनगंज के दिघलबैंक प्रखंड में बच्चों ने पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश दिया. उन्होंने पेड़-पौधों की रक्षा और देखभाल का संकल्प लिया. यह आयोजन बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता जगाने में सहायक है.

किशनगंज. दिघलबैंक प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय उत्तर कुढ़ेली में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व अनूठे अंदाज में मनाया गया. विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों और शिक्षकों ने पेड़-पौधों को राखी बांधकर उनकी रक्षा और देखभाल का संकल्प लिया. बच्चों ने पेड़-पौधों के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया.

पेड़-पौधों की रक्षा को बताया जिम्मेदारी

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने कहा कि जिस तरह रक्षाबंधन पर भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी तरह पेड़-पौधों की रक्षा करना भी जरूरी है. पेड़ हमें शुद्ध हवा, छाया, फल और जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन देते हैं. इसलिए पौधों की सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है.

बच्चों ने विद्यालय परिसर में लगे पौधों की नियमित देखभाल करने और आसपास के लोगों को भी पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया.

पौधा लगाने के साथ संरक्षण भी जरूरी

प्रधान शिक्षक विक्रम मिश्रा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के बीच प्रेम और रक्षा के संकल्प का पर्व नहीं है, बल्कि इसे प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के अवसर के रूप में भी मनाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सभी को नए पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण को लेकर भी गंभीर होना चाहिए. उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के बाद उसकी नियमित देखभाल, समय पर पानी देना और उसे नुकसान से बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है. इस तरह के आयोजन बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में मददगार हैं.

शिक्षक और बच्चे रहे मौजूद

मौके पर शिक्षक नरेश कुमार सिंह, सुनील कुमार गणेश एवं मारिया निजामी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >