बैठकों में बड़े दावे, जमीन पर सिर्फ कचरा! पौआखाली की इस गली की दुर्दशा देख उड़ जाएंगे होश

पौआखाली नगर पंचायत में स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत कुछ और ही है. वार्ड संख्या आठ की एक गली में सालों से कचरे का ढेर लगा है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन और दुर्गंध से भारी परेशानी हो रही है. बरसात में जलजमाव की समस्या भी बढ़ जाती है.

किशनगंज, पौआखाली. नगर पंचायत पौआखाली में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर बैठकों में सख्ती और दावे भले ही किए जा रहे हों, लेकिन जमीनी तस्वीर कई सवाल खड़े कर रही है. नगर के सबसे पॉश माने जाने वाले वार्ड संख्या आठ में हनुमान मंदिर के सामने पूरब गली में वर्षों से जमा कचरे का ढेर सफाई व्यवस्था की बदहाली को उजागर कर रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार नगर पंचायत गठन के बाद से इस गली में नियमित सफाई नहीं हुई है.

वर्षों से जमा कचरे के कारण आवागमन में परेशानी

स्थानीय निवासी सोनू सिंह समेत अन्य लोगों का कहना है कि गली के एक हिस्से में लंबे समय से कचरा जमा है. कचरे के ढेर के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है. आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध का भी सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण स्थिति लगातार खराब होती गयी है. उनका आरोप है कि नगर पंचायत के गठन के बाद से अब तक इस गली की समुचित सफाई पर ध्यान नहीं दिया गया.

बरसात में महीनों जलजमाव की भी समस्या

स्थानीय लोगों के मुताबिक समस्या केवल कचरे तक सीमित नहीं है. प्रत्येक वर्ष बरसात के मौसम में इस गली में जलजमाव की स्थिति भी बनी रहती है. जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है.

कचरे के ढेर और जलजमाव के कारण बरसात के दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है. स्थानीय लोगों ने सफाई के साथ जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की भी जरूरत बतायी.

बैठक में सफाई व्यवस्था पर सख्ती, अब कार्रवाई का इंतजार

गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही नगर पंचायत की मुख्य पार्षद फौजिया तरन्नुम ने पार्षदों के साथ बैठक कर नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर चर्चा की थी. बैठक में सफाई व्यवस्था में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं करने और लापरवाही पर कार्रवाई की बात कही गयी थी. ऐसे में वार्ड संख्या आठ की पूरब गली में वर्षों से जमा कचरे का मामला नगर पंचायत के सामने एक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है. सवाल यह है कि बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर लिए गए निर्णय का असर इस गली तक कब पहुंचेगा.

अब नगर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी नजर

वर्षों से कचरे के बीच रहने को मजबूर स्थानीय लोगों की नजर अब नगर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है. लोगों को उम्मीद है कि सफाई व्यवस्था को लेकर हुई बैठक के बाद वार्ड संख्या आठ की इस उपेक्षित गली की भी सुध ली जाएगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि हनुमान मंदिर जैसे प्रमुख स्थान के सामने सफाई की स्थिति बेहतर होनी चाहिए. अब देखना है कि नगर पंचायत वर्षों से जमा कचरे को हटाने और जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए कब ठोस कदम उठाता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >