नशे के खिलाफ सड़क पर उतरी खाकी, युवाओं के साथ पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

किशनगंज में नशे के खिलाफ लड़ाई अब सिर्फ थानों तक सीमित नहीं है. पुलिस और युवाओं ने मिलकर सड़कों पर जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें नशे के दुष्परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया. इस संयुक्त प्रयास का लक्ष्य एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है.

किशनगंज, ठाकुरगंज. नशे के खिलाफ जंग अब सिर्फ थानों की चारदीवारी तक सीमित नहीं है. गुरुवार को पुलिस सड़क पर उतरी और युवाओं के साथ मिलकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया. पुलिस अधीक्षक किशनगंज संतोष कुमार के निर्देश पर पाठामारी, यातायात, सुखानी, बहादुरगंज एवं गलगलिया थाना क्षेत्रों में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया.

पुलिस के साथ कदम से कदम मिलाकर चले छात्र-छात्राएं

अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ छात्र-छात्राएं भी जागरूकता अभियान में शामिल हुए. हाथों में नशामुक्ति का संदेश लेकर और लोगों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए पुलिस एवं विद्यार्थियों ने आम लोगों को इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी.

नशा व्यक्ति के साथ परिवार और समाज को भी करता है प्रभावित

पुलिस ने लोगों को बताया कि नशे की लत सिर्फ एक व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है. खासकर युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाना बड़ी चुनौती है. इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ा गया, ताकि जागरूकता का संदेश घर-घर और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके.

नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास का दिया संदेश

पुलिस और छात्रों की संयुक्त भागीदारी ने यह संदेश दिया कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, विद्यालय, समाज और पुलिस सभी को मिलकर प्रयास करना होगा.

नशामुक्त समाज बनाने की अपील

पुलिस ने आम लोगों से नशे से दूर रहने, युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. अभियान के दौरान युवाओं की सहभागिता को नशामुक्ति के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बच्छराज

बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >