छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूलों के बाहर फिर शुरू हो पिंक पेट्रोलिंग, विहिप-बजरंग दल ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने किशनगंज में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन से स्कूलों के बाहर पिंक पेट्रोलिंग फिर से शुरू करने की मांग की है. संगठन का कहना है कि इससे असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा और छात्राओं को सुरक्षित महसूस होगा.

किशनगंज में विद्यालयों से आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने पुलिस प्रशासन से स्कूलों के बाहर फिर से पिंक पेट्रोलिंग शुरू कराने की मांग की है. संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को ज्ञापन सौंपकर विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. संगठन का कहना है कि छुट्टी के समय कुछ असामाजिक तत्व विद्यालयों के आसपास मंडराते हैं, जिससे छात्राओं और अभिभावकों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है.

स्कूलों के आसपास असामाजिक तत्वों के मंडराने का आरोप

विहिप और बजरंग दल की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि किशनगंज नगर क्षेत्र में कई विद्यालय संचालित हैं, जहां कक्षा पहली से 12वीं तक बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं. विद्यालय की छुट्टी के समय और अन्य समय पर कुछ असामाजिक तत्व मोटरसाइकिल आदि से स्कूलों के आसपास मंडराते रहते हैं. इससे विद्यालय से बाहर निकलने वाली छात्राओं में भय का माहौल बनता है.

स्कूल परिसर में सुरक्षा, बाहर प्रशासन की जिम्मेदारी

संगठन का कहना है कि विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर से छात्राओं को सुरक्षित वातावरण देने का प्रयास करता है, लेकिन विद्यालय परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग जरूरी है. स्कूलों के आसपास नियमित पुलिस निगरानी होने से छात्राओं को भयमुक्त माहौल मिल सकता है.

एसपी से पिंक पेट्रोलिंग फिर शुरू कराने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार से मांग की कि छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्र के प्रमुख विद्यालयों के बाहर फिर से पिंक पेट्रोलिंग शुरू कराई जाए. संगठन का कहना है कि इससे स्कूलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने में मदद मिलेगी.

अभिभावकों को भी मिलेगा सुरक्षा का भरोसा

विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि बेटियां देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज एवं प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है. पिंक पेट्रोलिंग शुरू होने से विद्यालयों के आसपास सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा और अभिभावकों को भी राहत मिलेगी.

प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में बजरंग दल के सुनील तिवारी, विहिप जिला मंत्री साहिल कुमार, मुकेश मल्लिक सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कुमार

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >