स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये. सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी के निर्देशन में 41वीं वाहिनी एसएसबी के कार्यक्षेत्र में ‘जी’ कंपनी भातगांव, ‘ए’ कंपनी निमुगुड़ी और ‘ई’ कंपनी कदोमनीजोत की ओर से संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय भातगांव-01, विवेकानंद हाई स्कूल देवीगंज और प्लस टू उच्च विद्यालय गलगलिया में विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुआ. विद्यालयों में प्रधानाचार्यों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों, एसएसबी जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया.
तिरंगे के सम्मान का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान एसएसबी अधिकारियों और विद्यालय के शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी. लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की गयी.
अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है. हर नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए.
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के बलिदान की जानकारी दी गयी. छात्र-छात्राओं को बताया गया कि स्वतंत्रता अनेक वीरों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है.
इसके साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता एवं अखंडता और राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला गया. सीमावर्ती क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला. तिरंगे के सम्मान में लगाये गये देशभक्ति के नारों से कार्यक्रम स्थल का माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा.
468 छात्र-छात्राओं ने लिया संकल्प
कार्यक्रम में अर्जुन पासवान, प्रधानाध्यापक मध्य विद्यालय गलगलिया, विनोद कुमार, प्रधानाध्यापक उत्क्रमित मध्य विद्यालय भातगांव-01, प्लस टू उच्च विद्यालय गलगलिया की प्रधानाध्यापक कुमारी रंजिता, कंपनी प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, निरीक्षक जीडी तपस कुमार घोष, ‘ए’ कंपनी के जवान, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, 468 छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों, ग्रामीणों और जवानों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का संकल्प लिया.
