प्रमुख शाद अली की कुर्सी बरकरार, कोरम के अभाव में अविश्वास प्रस्ताव गिरा

प्रमुख शाद अली की कुर्सी बरकरार, कोरम के अभाव में अविश्वास प्रस्ताव गिरा

नौ मई को हुई विशेष बैठक में नहीं जुटे दो-तिहाई सदस्य, बीडीओ ने सुप्रीम कोर्ट के नियमों का हवाला देकर मतदान से किया इनकार

पोठिया. पोठिया प्रखंड प्रमुख शाद अली के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर शुक्रवार 9 मई को प्रखंड मुख्यालय सभागार में विशेष बैठक आहूत की गई. बैठक को लेकर सुबह से ही राजनीतिक सरगर्मी तेज रही. पंचायत समिति सदस्यों के साथ-साथ आम लोगों की भी नजरें इस विशेष बैठक पर टिकी रहीं. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश एवं पंचायती राज विभाग के प्रावधानों के अनुरूप कुल निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों के दो-तिहाई सदस्यों की अनिवार्य उपस्थिति नहीं होने के कारण अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की प्रक्रिया नहीं करायी जा सकी. इसके चलते अविश्वास प्रस्ताव स्वतः ही गिरा हुआ माना गया. जानकारी के अनुसार अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पक्ष की ओर से 17 पंचायत समिति सदस्य बैठक में उपस्थित थे. उपस्थित सदस्यों द्वारा लगातार मतदान कराने की मांग की जाती रही, लेकिन निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ मो आसिफ ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट एवं पंचायती राज विभाग के नियमों के तहत पहले बैठक में आवश्यक कोरम पूरा होना अनिवार्य है. कोरम के अभाव में किसी भी प्रकार का मतदान कराना नियमसंगत नहीं होगा. बीडीओ द्वारा कानूनी प्रावधानों का हवाला देते हुए बैठक में मौजूद सदस्यों को बताया गया कि अविश्वास प्रस्ताव पर विचार एवं मतदान के लिए कुल निर्वाचित सदस्यों में कम-से-कम दो-तिहाई सदस्यों की उपस्थिति जरूरी है. निर्धारित संख्या पूरी नहीं होने की स्थिति में प्रस्ताव स्वतः निरस्त अथवा निष्प्रभावी माना जाएगा. बैठक को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में दिनभर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म रहा. विभिन्न पंचायतों से पहुंचे समर्थकों व जनप्रतिनिधियों के बीच लगातार बैठक व रणनीति को लेकर चर्चाएं होती रहीं. वहीं राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नियमों के तहत कोरम पूरा नहीं होने के कारण प्रमुख के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव अब प्रभावहीन हो गया है. गौरतलब है कि प्रमुख शाद मुबारक अली के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर विपक्षी पक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिसपर विचार-विमर्श एवं मतदान के लिए विशेष बैठक बुलाई गई थी. लेकिन अंततः आवश्यक उपस्थिति नहीं होने के कारण पूरी प्रक्रिया मतदान तक नहीं पहुंच सकी. बताते चलें कि बैठक के दौरान माहौल काफी गरमाया रहा. अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पक्ष के सदस्य लगातार अपनी बात रखते नजर आए. वहीं बैठक समाप्त होने के बाद अविस्वाश प्रस्ताव लाने वाले पक्ष के मो0 जाकिर , बाबुल आलम सहित सभी पंचायत समिति सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि वे लोग नियमसंगत तरीके से अपनी कानूनी लड़ाई आगे भी लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि सच्चाई की जीत एक न एक दिन अवश्य होगी. विपक्षी पक्ष ने कहा कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और कानून पर पूरा विश्वास रखते हैं तथा आगे भी अपने अधिकारों के लिए संवैधानिक दायरे में रहकर संघर्ष जारी रखेंगे.विशेष बैठक को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कोरम पूरा नहीं होने के कारण प्रमुख के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव प्रभावहीन हो गया है ,लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र की राजनीति आने वाले दिनों में और गर्म होने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >