लावारिस हालत में मिली मोटरसाइकिल, तीन दिनों में नहीं मिला दावेदार
व्यावसायिक परिसर के बाहर तीन दिनों तक खड़ी रही एक लावारिस मोटरसाइकिल अब पुलिस के लिए जांच का विषय बन गई है. वाहन के मालिक का अब तक कोई पता नहीं चल सका है
पौआखाली थाना क्षेत्र के शीशागाछी मोहल्ले से लावारिस हालत में मिली एक अज्ञात मोटरसाइकिल को पुलिस ने जब्त कर थाने में सुरक्षित रखा है. तीन दिन बीत जाने के बाद भी वाहन पर किसी ने दावा नहीं किया है. पुलिस मोटरसाइकिल के वास्तविक मालिक और उसके वहां छोड़े जाने के कारणों की जांच में जुटी है.
पौआखाली.
पौआखाली थाना पुलिस को नगर के एक व्यावसायिक परिसर से लावारिस स्थिति में एक अज्ञात मोटरसाइकिल मिली है, जिसे जब्त कर थाने में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस के अनुसार, तीन दिन बीत जाने के बाद भी अब तक इस मोटरसाइकिल पर दावा करने कोई व्यक्ति थाने नहीं पहुंचा है.मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात नगर के शीशागाछी मोहल्ले में स्थित सेवानिवृत्त निरीक्षक (गृह रक्षा वाहिनी) मोहम्मद गुलाम हबीब के व्यावसायिक परिसर में बानो ड्रग्स एवं साबिर इलेक्ट्रॉनिक्स के सामने एक पुरानी लाल रंग की मोटरसाइकिल, जिसका निबंधन संख्या बीआर-37-7187 है, काफी समय से खड़ी थी.मोटरसाइकिल को देर शाम के बाद भी लंबे समय तक लावारिस हालत में देखकर मोहम्मद गुलाम हबीब ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई.मामले की जानकारी देते हुए पौआखाली थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण ने बताया कि लावारिस स्थिति में बरामद की गई मोटरसाइकिल फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित है. अब तक इसके स्वामित्व को लेकर किसी ने भी पुलिस के समक्ष कोई दावा प्रस्तुत नहीं किया है.उन्होंने बताया कि मामले में नियमसंगत कार्रवाई करते हुए स्टेशन डायरी (सनहा) दर्ज कर ली गई है तथा इसकी सूचना जिला पुलिस अधीक्षक को भी भेज दी गई है. पुलिस मोटरसाइकिल के निबंधन और चेसिस नंबर के आधार पर उसके वास्तविक मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है.पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मोटरसाइकिल किसी व्यक्ति द्वारा भूलवश वहां छोड़ दी गई है, चोरी की है अथवा किसी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से वहां खड़ी की गई थी. मामले की जांच जारी है.