चेहल्लुम शांतिपूर्ण संपन्न, जिलेभर में 245 स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, डीएम-एसपी ने संभाली कमान

किशनगंज में चेहल्लुम पर्व प्रशासनिक सतर्कता और पुलिस की प्रभावी तैनाती के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हुआ. 245 संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई और जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों ने पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी.

Kishanganj Chehallum: किशनगंज. चेहल्लुम पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. मंगलवार को पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो सके. प्रशासनिक मुस्तैदी और पुलिस की चौकसी के बीच कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.

245 संवेदनशील स्थलों पर रही विशेष निगरानी

जिला प्रशासन के अनुसार जिलेभर के 245 चिन्हित संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी. किशनगंज शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के 60 से अधिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था विशेष रूप से मजबूत रखी गयी.

अति संवेदनशील इलाकों में पहले से तैनात रहे जवान

अति संवेदनशील स्थलों पर एहतियात के तौर पर सोमवार शाम से ही मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में पालीवार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई, जहां से पूरे जिले की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गयी.

डीएम-एसपी ने लगातार की मॉनिटरिंग

जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार पूरे दिन अपने अधीनस्थ अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते रहे. वहीं एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर आर.बी. राय तथा सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे.

यातायात और सोशल मीडिया पर भी रही नजर

पर्व के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियंत्रण बोर्ड लगाए गए. वहीं अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस की सोशल मीडिया सेल इंटरनेट मीडिया की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखती रही.

शांति और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ पर्व

Kishanganj Chehallum: प्रशासनिक सतर्कता, पुलिस की प्रभावी तैनाती और लोगों के सहयोग से जिलेभर में चेहल्लुम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों और विभिन्न समुदायों के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कुमार

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >