कोचाधामन डिग्री कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर, छात्रों ने खुलकर रखी समस्याएं, शौचालय और पेयजल का उठा मुद्दा

राजकीय डिग्री महाविद्यालय कोचाधामन में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन हुआ, जहाँ छात्रों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए।

किशनगंज. नवसृजित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कोचाधामन में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और कॉलेज से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा. जिला प्रशासन की ओर से सर्व शिक्षा अभियान की डीपीओ रूबी कुमारी मौजूद रहीं. उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें बिना किसी संकोच के अपनी शिकायत लिखित रूप में शिविर में देने की अपील की.

छात्राओं ने रखी शौचालय और पेयजल की समस्या

शिविर के दौरान यूजी सेमेस्टर-1 की समाजशास्त्र की छात्रा रिया ने कॉलेज परिसर में शौचालय निर्माण की मांग को लेकर आवेदन दिया. वहीं अंग्रेजी विषय की छात्रा पायल ने पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने की मांग रखी.

विद्यार्थियों ने बताया कि कॉलेज में पढ़ाई के साथ मूलभूत सुविधाओं का बेहतर होना भी जरूरी है. शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाएं सीधे छात्र-छात्राओं की दैनिक जरूरत से जुड़ी हैं. ऐसे में शिविर के माध्यम से इन समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला.

डीपीओ ने कहा, बिना संकोच लिखित रूप में दें समस्या

शिविर में जिला प्रशासन की प्रतिनिधि के रूप में मौजूद डीपीओ रूबी कुमारी ने छात्र-छात्राओं से कहा कि कॉलेज से संबंधित किसी भी तरह की समस्या होने पर वे बिना संकोच उसे लिखित रूप में शिविर में जमा कर सकते हैं.

उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने और समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा. इससे विद्यार्थियों में अपनी समस्याओं को खुलकर रखने का माहौल बना.

हर महीने चौथे मंगलवार को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. सजल प्रसाद ने बताया कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सभी महाविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को नियमित रूप से शिविर का आयोजन किया जाएगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान की प्रक्रिया को आसान बनाना है.

शौचालय निर्माण शुरू, पेयजल के लिए जल्द लगेगा मोटर

प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यार्थी अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष भी रख सकते हैं. कॉलेज स्तर पर जिन समस्याओं का समाधान संभव होगा, उन्हें जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर एलएईओ की ओर से महाविद्यालय परिसर में शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है. वहीं पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए जल्द ही मोटर लगाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

मोबाइल से भी दर्ज करा सकेंगे कॉलेज से जुड़ी शिकायत

विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था भी उपलब्ध है. प्रधानाचार्य के अनुसार नामांकित विद्यार्थी अपने मोबाइल के माध्यम से कॉलेज से जुड़ी समस्याएं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं. इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को हर छोटी-बड़ी समस्या के लिए कार्यालय का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. कॉलेज प्रशासन की ओर से प्राप्त शिकायतों के समाधान का प्रयास किया जाएगा.

नियमित कक्षाओं के साथ बढ़ रही विद्यार्थियों की उपस्थिति

शिविर के नोडल पदाधिकारी प्रकाश रंजन दीन ने बताया कि नवसृजित महाविद्यालय में नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन हो रहा है. विद्यार्थियों की उपस्थिति भी लगातार बढ़ रही है. उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को लेकर निडर होकर सामने आएं. विद्यार्थी सहयोग शिविर का उद्देश्य ही छात्रों को अपनी बात रखने के लिए सीधा मंच उपलब्ध कराना है.

शिक्षक और कर्मी भी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त शिक्षक डॉ. प्रबीर कुमार घोष, डॉ. मुस्तईज़, डॉ. मिराज हक, अयन दत्त, भूपेन्द्र कुमार सिंह सहित ऑफिस अटेंडेंट राजीव कुमार गुप्ता मौजूद रहे. शिविर में छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन के समक्ष रखीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >