Kishanganj news: पौआखाली से रणविजय की रिपोर्ट:
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जियापोखर पुलिस और 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कैंप कद्दूभिट्ठा के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई. बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.
बैठक के बाद पुलिस और एसएसबी के जवानों ने सीमावर्ती गांवों में संयुक्त गश्ती अभियान चलाया. इस दौरान लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों पर नजर रखने का संदेश दिया गया.
तस्करी और मानव तस्करी पर विशेष नजर
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, प्रतिबंधित सामानों की आवाजाही और मानव तस्करी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साझा की जाएगी, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील
अधिकारियों ने सीमावर्ती इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और एसएसबी के बीच बेहतर तालमेल को जरूरी बताया. साथ ही स्थानीय नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या एसएसबी कैंप को दें.
इस मौके पर जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार समेत कद्दूभिट्ठा एसएसबी कैंप के अधिकारी और जवान मौजूद थे.
ASLO READ: गैस संकट में गांवों में लौटा मिट्टी का चूल्हा, महिलाओं को मिल रहा रोजगार
