किशनगंज के इस वार्ड में नरक जैसे हालात, रोज नहीं उठ रहा कचरा, दुर्गंध के बीच महामारी के डर से सहमे लोग

Kishanganj News: शहर को स्वच्छ रखने के दावे अपनी जगह हैं, लेकिन किशनगंज के एक मोहल्ले में हालात ऐसे हैं कि लोगों को नाक पर कपड़ा रखकर घर से निकलना पड़ रहा है. कचरे का अंबार अब सिर्फ गंदगी नहीं, बल्कि बीमारी का बड़ा खतरा बनता जा रहा है.

किशनगंज से राहुल कुमार की रिपोर्ट

Kishanganj News: किशनगंज. जिला मुख्यालय के नगर परिषद क्षेत्र से स्वच्छता दावों की पोल खोलने वाली एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है. शहर के वार्ड नंबर 29 स्थित डुमरिया भट्टा (पुराना भाजपा कार्यालय गली) इन दिनों पूरी तरह से नारकीय स्थिति से गुजर रहा है. गली में चारों तरफ लगे कचरे के अंबार ने स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल कर दिया है. हैरान करने वाली बात यह है कि इस गंभीर समस्या से स्थानीय जनप्रतिनिधि और नगर परिषद प्रशासन पूरी तरह बेखबर और संवेदनहीन बने हुए हैं.

सड़ रहे कचरे से उठ रही तीव्र दुर्गंध, राहगीर परेशान

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस मुख्य गली में नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं की जा रही है. कई दिनों तक कूड़ा न उठाए जाने के कारण यहां कचरे का एक विशाल पहाड़ खड़ा हो गया है. भीषण उमस और धूप के कारण यह कचरा अब सड़कों पर ही सड़ने लगा है, जिससे उठने वाली तीव्र दुर्गंध ने आसपास के घरों में लोगों का दम घोंट दिया है. स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि राहगीरों को इस रास्ते से गुजरते समय अपने मुंह पर कपड़ा ढकना पड़ रहा है.

मंडरा रहा है महामारी का खतरा, आक्रोश में मोहल्लेवासी

मोहल्ले वासियों ने नगर परिषद के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिदिन कचरे का उठाव न होने से यह रिहायशी इलाका अब डंपिंग ज़ोन में तब्दील हो चुका है. गंदगी के इस ढेर के कारण इलाके में मच्छरों, मक्खियों और कीड़े-मकोड़ों का प्रकोप खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है. स्थानीय लोगों को डर है कि अगर जल्द ही कदम नहीं उठाए गए, तो यहां कोई गंभीर संक्रामक बीमारी या महामारी फैल सकती है, जिसके जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ लापरवाह अधिकारी होंगे.

वार्ड नंबर 29 के त्रस्त नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन और स्थानीय वार्ड पार्षद से अविलंब गुहार लगाई है कि इस स्थान से जल्द से जल्द कचरे के ढेर को हटाया जाए और क्षेत्र में दैनिक साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके.

Also Read: CM हाउस से अटैच नहीं होगा 5 देशरत्न मार्ग बंगला, क्या अब राबड़ी देवी आवास करेंगी खाली?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >