किशनगंज : शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर परिषद का अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी है. जिलाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को अभियान के लगातार छठे दिन शहर के कई व्यस्त व्यापारिक इलाकों में कार्रवाई की गयी. इस दौरान नाले और सड़क पर किये गये अतिक्रमण को हटाया गया.
जेसीबी से तोड़े गये पक्के निर्माण
स्वच्छता पदाधिकारी सह प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी स्वरूपम राज के नेतृत्व में अभियान डे-मार्केट से शुरू होकर गांधी चौक, नेमचंद रोड और भगत टोली रोड तक चला.
कार्रवाई के दौरान जेसीबी की मदद से नाले और सड़क पर बनायी गयी पक्की सीढ़ियों, चबूतरों और अन्य निर्माण को तोड़कर जगह को समतल कराया गया. प्रशासन का उद्देश्य सड़क और नाले की जगह को अतिक्रमण से मुक्त कर यातायात और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर करना है.
दुकानदारों से वसूला जुर्माना
अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने कई स्थानों पर दुकानदारों और मकान मालिकों से जुर्माना भी वसूला. साथ ही उन्हें दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गयी.
प्रशासन की ओर से लगातार छठे दिन कार्रवाई होने से शहर के व्यस्त इलाकों में अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही.
नगर परिषद के कर्मी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान विधि प्रशाखा प्रभारी कमलेश कुमार, राकेश रामदास, राजेश साह, राजेश कुमार, अविनाश कुमार, धीरज कुमार, अमरजीत पासवान, अजय भगत और कमल सिंह समेत नगर परिषद के राजस्व कर्मी और वार्ड जमादार मौजूद रहे.
